Move to Jagran APP

बकरीद पर नोएडा और अमरोहा में टकराव, बिसाहड़ा में कुर्बानी नहीं

उत्तर प्रदेश में बकरीद की नमाज में शामिल लाखों लोगों ने प्रदेशवाशियों के अमन-चैन की दुआ की। इस बीच नोएडाऔर अमरोहा में टकराव की सूचना है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Tue, 13 Sep 2016 04:20 PM (IST)Updated: Tue, 13 Sep 2016 10:19 PM (IST)
बकरीद पर नोएडा और अमरोहा में टकराव, बिसाहड़ा में कुर्बानी नहीं

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में आज बकरीद की नमाज में शामिल लाखों लोगों ने प्रदेशवाशियों के अमन-चैन की दुआ की। इस बीच अमरोहा में शिया व सुन्नी समुदाय के लोगों में टकराव और नोएडा ईदगाह में गाली-गलौज, पथराव व फायरिंग से तीन लोग घायल होने की सूचना है। हालांकि कहीं भी नमाज में बाधा की कोई सूचना नहीं हैं। उधर नोएडा के बिसाहड़ा गांव के बाहर ईदगाह पर मस्जिद के मौलाना दाऊद ने नमाज अदा करवाई लेकिन आज बकरे की कु्र्बानी नहीं दी गई।

loksabha election banner

तस्वीरों में देखें-बकरीद पर अमन-चैन की दुआ

अमन-चैन की दुआ

राजधानी लखनऊ में आज सुबह ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद, आसफी मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में लाखों लोग बकरीद की नमाज में शामिल हुए। सभी ने सजदे में सिर झुकाकर देश के अमन-चैन की दुआ की। बड़ी जमात ने ऐशबाग ईदगाह की नमाज में हिस्सा लिया। यहां मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली के बड़े भाई मौलाना तारिक रशीद ने नमाज अदा कराई। महिलाओं, बच्चों समेत हजारों की तादाद में लोगों ने यहां नमाज में हिस्सा लिया।

उत्तर प्रदेश के अन्य समाचारों के लिए यहां क्लिक करें।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में नमाज

लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और आसिफी मस्जिद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज अदा की गई। गुरुवार तड़के से ही यहां मार्गों पर बैरीकेडिंग कर वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया था। छतों पर पुलिसकर्मी दूरबीन और बंदूक लेकर तैनात रहे। जगह-जगह आरएएफ, पीएसी, पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रही।

कुरान की तर्ज पर तलाक कानून चाहती हैं महिलाएं

अमरोहा में शिया-सुन्नी में पथराव

अमरोहा में शिया व सुन्नी समुदाय के लोग आपस में भिड गए। जमकर मारपीट व पथराव हुआ। कुछ लोगों ने फायरिंग भी की। पथराव में एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस व पीएसी ने पहुंचकर स्थिति संभाली। अमरोहा के मुहल्ला हक्कानी में सोमवार को बच्चों को लेकर शिया व सुन्नी समुदाय के बीच विवाद हो गया था। स्थानीय लोगों ने पंचायत कर मामले को शांत करा दिया था। उस समय तो दोनों पक्ष शांत हो गए, पर आज दोपहर में एक पक्ष के युवक को दूसरे पक्ष ने पीट दिया। इसकी सूचना मिलने पर सुन्नी पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते सुन्नी व शिया समुदाय के बीच मारपीट व पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग भी की, जिसके चलते मुहल्ले में भगदड़ व चीख-पुकार मच गई। पथराव में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर तत्काल एएसपी, सीओ, एसडीएम समेत भारी तादाद में पुलिस व पीएसी पहुंच गई। फिलहाल मुहल्ले में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।

...तो इसलिए ईद-उल-जुहा का त्योहार मनाया जाता है

मुख्यमंत्री ने फोन पर दी मुबारकबाद

लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह पहुंचकर राज्यपाल रामनाईक ने प्रदेशवासियों को बकरीद की मुबारकबाद दी जबकि मुख्यमंत्री अखिलेश याद फोन पर नमाजियों को शुभकामनाएं दी। नमाज के दौरान पहुंचे राज्यपाल राम नाइक का ईदगाह कमेटी और अधिकारियों ने स्वागत किया। राज्यपाल ने सभी की खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि यह त्योहार अमन-चैन और त्याग का प्रतीक है। मोहम्मद साहब ने देश ही नहीं दुनिया भर को भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम दिया है। उनकी शिक्षा सिर्फ मुसलमानों के लिए ही नहीं अपितु सभी धर्मों के लिए है। मोहम्मद साहब का पैगाम था 'सबके साथ चलो'। इस अवसर पर परिवार कल्याण राज्यमंत्री रविदास मेहरोत्रा व अन्य लोग मौजूद रहे।

बकरीद के मौके पर जान‌िए खुदा का घर काबा की बनावट का सबसे बड़ा राज

बिसाहड़ा में नहीं दी गई बकरे की कुर्बानी

नोएडा के बिसाहड़ा गांव के बाहर ईदगाह पर मस्जिद के मौलाना दाऊद ने नमाज अदा करवाई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे नमाज शुरू हुई जो नौ बजे तक पढ़ी गई। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। इस बार बिसाहड़ा में पर्व पर बकरे की कुर्बानी नहीं दी गई। लोगों ने मिठाई, सेवई, नमकीन व उबले हुए चनों के साथ मीठी ईद की तरह बकरीद मनाई। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष बिसाहड़ा गांव में बकरीद पर गौमांस के मांस का टुकड़ा इकलाख के घर पर मिलने की सूचना पर ग्रामीणों ने उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। बेटा दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामले में इकलाख पक्ष की तरफ से गांव के 19 लोगों को आरोपी बनाया गया था।

नमाज पढऩे को लेकर पथराव, फायरिंग में तीन घायल

बकरीद पर नमाज पढऩे को लेकर नोएडा के ऊंचा दनकौर मोहल्ला स्थित ईदगाह में मंगलवार को साजिद व चांद पक्ष में गाली-गलौज, पथराव व फायरिंग हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस के मुताबिक दो माह से किसी बात को लेकर विवाद था। मंगलवार को इसी विवाद के कारण ईदगाह पर मौलवी से नमाज अदा कराने को लेकर दोनों पक्षों में गाली गलौज हो गई। इसके बाद लात घूंसे चल गए। पुलिस दोनों पक्षों को दनकौर कोतवाली ले आई। कोतवाली में हंगामे के दौरान एक पक्ष की महिलाओं ने वहां तैनात महिला पुलिस कर्मी से खींचातानी की, जिसमें उसकी वर्दी फट गई और उसे चोट भी आई। पुलिस ने किसी तरह मामला संभाला। इसके बाद दोनों पक्षों को घर भेज दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों में कई राउंड गोलियां चलीं, जिनमें तीन लोग घायल हो गए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.