तेज धमाका.. और देखते ही मंजर बदल गया
लगभग साढ़े नौ बजे थे कि जोया की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही बस का टायर फट गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर पलौला गांव में अड्डे पर बैठे लोग एक पल के लिए सहम गए।
अमरोहा: साढ़े नौ बजे थे कि जोया की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस का टायर फट गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर पलौला गांव में अड्डे पर बैठे लोग एक पल के लिए सहम गए। अगले ही पल कालेज के गेट के सामने का नजारा बदल चुका था। बस पलट गई थी। लोग फौरन ही घटना स्थल की तरफ को दौड़े। जाकर देखा तो बस में फंसी सवारियों की चीख-पुकार ही सुनाई दे रही थी। कुछ पल के लिए तो लोग भी सन्न रह गए। बचाव कार्य शुरू कर दिया।
शुक्रवार को मुहर्रम की वजह से लोगों की आवाजाही कुछ ज्यादा थी। बसों में सवारियां भी तादाद से ज्यादा सफर कर रही थीं। क्योंकि लोग मनौटा व सम्भल में निकाले जाने वाले ताजिये देखने जा रहे थे। इस बस में भी अधिकांश सवारियां वही थीं जो सम्भल व मनौटा की तरफ जा रही थीं। लगभग साढ़े नौ बजे गांव पलौला का माहौल सामान्य था। गांव के अधिकांश लोग अड्डे पर ही बैठे थे। अचानक तेज धमाका हुआ। इसे सुनकर पहले तो लोग सहम गए।
तुर्की इंटर कालेज के गेट के सामने धूल उड़ती दिखाई दी। चंद सेकेंड बाद ही बस पलटी देखी। फौरन ही गांव के लोग दौड़ पड़े। मौके पर जाकर देखा तो दिल दहलाने वाला नजारा था। बस में फंसी सवारियां चीख-पुकार कर रही थीं। बस के परखच्चे उड़ गए थे। चारों तरफ हाहाकार मचा था। बस के टुकड़े इधर-उधर पड़े थे तथा सामान भी बिखरा पड़ा था। लोगों ने मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। खून से लथपथ घायल इधर-उधर पड़े थे।
हादसे के लगभग दो घंटे तक सम्भल-जोया मार्ग पर यातायात बंद रहा। आसपास के गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था।