गैरहाजिर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को प्रतिकूल प्रविष्टि
अमरोहा जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने कहा उपचुनाव में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अमरोहा : जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने कहा कि नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निर्वाचन में लगे कर्मियों को प्रशिक्षण देकर रुचिकर व स्मार्ट बनाया जाए। किसी भी बिदु पर अधूरी जानकारी न दी जाए। इस दौरान उन्होंने दो बैठकों से गैरहाजिर रहने पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी एनके चौहान को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। वह शनिवार की दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट सभागार में उपचुनाव में लगे अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कार्मिक को किसी भी बिदु की जानकारी के संबंध में कोई शंका है तो उसका समाधान किया जाए। जहां पर प्रशिक्षण दिया जाएगा वहां पर प्रवेश करने से पहले साबुन, सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिग कराई जाए और उसके बाद ही प्रवेश दिया जाए। शारीरिक दूरी के नियम का अवश्य पालन कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों का रोजाना निस्तारण किया जाए। मतदान से एक दिन पहले पूरी यातायात व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। अधिक से अधिक बस व अन्य वाहन लगाए जाएं। मतदान कर्मियों को किसी भी तरह की यातायात संबंधी समस्या नहीं होनी चाहिए। फ्लाइंग स्क्वायड टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहे अगर कहीं से भी पैसा, शराब व अन्य निर्वाच प्रलोभन सामग्री बांटने की जानकारी मिले तो फौरन जाकर कार्रवाई करे और उसकी वीडियोग्राफी कराए। आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित टीमें जिम्मेदार होंगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर मांगेराम, संजय बंसल, डीडीओ प्रदीप यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।