भ्रष्टाचार खत्म करने को है सूचना का अधिकार कानून
जागरण संवाददाता, अमरोहा: सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने कहा कि सूचना का अधिकार कानून भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए है। लोकतंत्र में जनता को सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है।
अमरोहा : सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने कहा सूचना का अधिकार कानून भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए है। लोकतंत्र में जनता को सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। लिहाजा अधिकारियों को चाहिए कि वह इस मामले में लापरवाही कतई न बरतें। लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को श्री उस्मान ने कलेक्ट्रेट सभागार में सूचना अधिकार कानून के तहत नियत किए गए वादों की सुनवाई की। उन्होंने वादों का निस्तारण कर दोपहर साढ़े बारह बजे प्रेस कांफ्रेंस की। यहां सुनवाई करने का उद्देश्य बताते हुए कहा कि लंबित वादों का त्वरित निस्तारण कर आवेदकों को जानकारी मुहैया कराना तथा लापरवाह अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई जिलों से अधिकारियों की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। ऐसे अधिकारी कार्यशैली में सुधार लाएं तथा आवेदक को समय रहते मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराएं। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सूचना का अधिकार कानून के तहत जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक स्वतंत्र है। शहरों से निकल कर गांवों तक लोगों में इसके प्रति जागरूकता आना जरूरी है।
इस दौरान वहां मौजूद अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि आवेदकों को समय रहते जानकारी मुहैया कराई जाए। ताकि भ्रष्टाचार का खात्मा हो तथा कार्यों में पारदर्शिता लाई जा सके।