अमरोहा के धर्मवीर का पीसीएस में हुआ चयन
अमरोहा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी होने पर धर्मवीर का चयन हुआ है।
अमरोहा: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी होने पर अमरोहा निवासी धर्मवीर सिंह का चयन पीसीएस शिक्षा संवर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य के पद पर हुआ है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा शुक्रवार को वर्ष 2018 के सिविल सेवा सहित अन्य पदों के लिए अंतिम परिणाम घोषित किया गया है। इस परिणाम में राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के 83 पदों पर चयन का परिणाम भी शामिल है। इनमें अमरोहा के मुहल्ला जयओम नगर निवासी धर्मवीर सिंह का चयन पीईएस में हुआ है। वह वर्तमान में जोया ब्लाक के धनौरा उर्फ मुरादनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में प्रवक्ता (भौतिक विज्ञान) हैं। वर्ष 2010 में उप्र लोक सेवा आयोग द्वारा प्रवक्ता (भौतिक विज्ञान) के पद पर चयनित होकर अमरोहा जिले के उझारी स्थित आंबेडकर राजकीय इंटर कॉलेज में नियुक्त हुए। वहीं बुलंदशहर में रहते हुए धर्मवीर ने विभिन्न प्रकाशन के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित लेखन एवं संपादन कार्य किया। वह सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, समस्त परिवार को देते हैं। इस उपलब्धि से स्वजनों में हर्ष का माहौल है। उनका चयन होने पर डीआइओएस रामाज्ञा कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा के प्रधानाचार्य खुर्शीद हैदर जैदी, शिक्षक मरगूब हुसैन ने बधाई दी है।