गठबंधन के दावे पर एतराज, जावेद आब्दी का साफ इन्कार
अमरोहा उपचुनाव में टिकट को लेकर दावेदारों के बीच होड़ लगी है। गठबंधन के हवाई किले भी बनाए जा रहे हैं।
अमरोहा : उपचुनाव में टिकट को लेकर दावेदारों के बीच होड़ लगी है। गठबंधन के हवाई किले भी बनाए जा रहे हैं। युवा रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वसीम राजा ने तो प्रेसवार्ता में उपचुनाव की सभी सीटों पर रालोद-सपा गठबंधन के जीतने का एलान कर दिया। हालांकि इसके कुछ ही घंटे बाद सपा के राष्ट्रीय सचिव व नौगावां सीट के उपविजेता रहे जावेद आब्दी ने गठबंधन के दावे को खारिज कर दिया। साथ ही नौगावां सीट पर सपा प्रत्याशी के ही मैदान में उतरने का एलान किया।
बुधवार को रालोद के चौधरी वसीम राजा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रदेश की आठ सीटों पर उपचुनाव के बारे में रालोद व सपा के गठबंधन का एलान किया। कहा सभी सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा। नौगावां सीट पर रालोद का प्रत्याशी उतारने की प्रबल संभावना जताई। हालांकि यह भी कहा कि टिकट का बंटवारा दोनों दलों का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उनके इस एलान के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। रालोद के दावेदारों में भी जोश बढ़ गया। उपचुनाव का एलान होने से पहले ही जीत के कयास भी लगने लगे।
उधर, विधानसभा चुनाव में नौगावां सीट पर उपविजेता रहे व सपा के राष्ट्रीय सचिव मौलाना जावेद आब्दी शाम को दिल्ली से नौगावां पहुंच गए। इस संबंध में जब दैनिक जागरण ने उनसे बात की तो उन्होंने रालोद व सपा के गठबंधन के दावे को खारिज कर दिया। कहा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छोटे दलों को पार्टी में जगह देने की बात कही है न कि गठबंधन का एलान किया है। बोले नौगावां सादात सीट पर सपा का प्रत्याशी ही चुनाव लड़ेगा। वह खुद उपचुनाव में सपा से मैदान में उतरेंगे या नहीं। इस सवाल पर कहा राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से जल्द ही इस संबंध में एलान किया जाएगा। उधर, इस संबंध में वसीम राजा ने कहा सपा से उनका गठबंधन पहले से ही चल रहा है, नेतृत्व द्वारा जल्द ही इसका एलान भी कर दिया जाएगा। बसपा पर लगी टकटकी
अमरोहा : नौगावां सादात सीट पर उपचुनाव को लेकर अभी तक किसी भी पार्टी ने प्रत्याशी का एलान नहीं किया है। सभी दल जातीय समीकरणों के हिसाब से प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रहे हैं। इस सीट पर कुल मतदाता लगभग 3.22 लाख हैं। इनमें लगभग 1.20 लाख मुस्लिम मतदाता जबकि लगभग 35 हजार जाट, 20 हजार सैनी, 50 हजार एससी, 37 हजार चौहान, 10 हजार यादव व शेष अन्य जातियों के हैं। माना जा रहा है कि बसपा अगर मुस्लिम प्रत्याशी मैदान में उतारेगी तो सपा हिदू प्रत्याशी पर दांव लगाएगी। वहीं बसपा यदि हिदू प्रत्याशी उतारती है तो सपा मुस्लिम कार्ड खेलेगी। यही वजह है कि बसपा के प्रत्याशी एलान पर दलों की नजरें लगी हैं।