बिना अनुमति कराई जा रही दौड़ पुलिस ने रोकी
हसनपुर कस्बे के श्रीमती सुखदेवी इंटर कालेज के मैदान में बिना अनुमति के कराए जा रही दौड़ पुलिस ने रोक दी।
हसनपुर : कस्बे के श्रीमती सुखदेवी इंटर कालेज के मैदान में बिना अनुमति के कराए जा रही दौड़ को पुलिस ने रुकवा दिया। दो आयोजकों को पकड़ा, बाद में समझा कर छोड़ दिया।
सपा नेता जितेंद्र विधूड़ी एवं मगन सिंह द्वारा शनिवार को श्रीमती सुखदेवी इंटर कालेज मैदान में खटाना दौड़ का आयोजन कराया जा रहा था। इसकी कोई अनुमति नहीं ली गई थी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
कोरोना संक्रमण को लेकर शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन होने का हवाला देते हुए आयोजन को रुकवा दिया। उन्होंने दोनों आयोजकों को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में उन्हें समझा कर बिना किसी कानूनी कार्रवाई किए घर भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि बिना अनुमति के भीड़ एकत्र करके दौड़ कराई जा रही थी। इसे रुकवा दिया गया है। कमाल अख्तर मुख्य अतिथि थे इसलिए, रुकवाई दौड़
सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने पुलिस प्रशासन द्वारा खटाना दौड़ प्रतियोगिता रुकवाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस दौड़ प्रतियोगिता का उदघाटन करने के लिए वह मुख्य अतिथि थे पुलिस ने इसलिए दौड़ रुकवा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी महीने बिना किसी अनुमति के तरौली, सकतपुर तथा गारवपुर गांव में दौड़ प्रतियोगिताएं हुई थीं जिनमें मुख्य अतिथि भाजपा के नेता थे उन्हें पुलिस ने नहीं रुकवाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा पुलिस, पीएसी तथा सेना में भर्ती की तैयारी करने हेतु दौड़ लगाते हैं, दौड़ प्रतियोगिताएं कर युवा अपनी मेहनत का आकलन कर लेते हैं। दौड़ प्रतियोगिताओं को रोकना अनुचित है।