बंदी पर पुलिस ने कराया बंद तो व्यापारियों ने खोला बाजार
मंडी धनौरा साप्ताहिक बंदी के बावजूद शहर का बाजार धड़ल्ले से खोला गया।
मंडी धनौरा: साप्ताहिक बंदी के बावजूद शहर का बाजार धड़ल्ले से खोला गया। दोपहर में जब इसकी शिकायत अधिकारियों से हुई तो हरकत में आई थाना पुलिस ने बाजार बंद कराया। हालांकि बाद में व्यापारियों ने फिर बाजार खोल लिया।
बुधवार को शहर में साप्ताहिक बंदी का दिन सुनिश्चित है। इसके बावजूद व्यापारिक नियम कानून का मखौल उड़ाने में जुटे हुए हैं। नियम कानून को शहर में तरजीह नहीं दी जा रही है। बुधवार को साप्ताहिक बंदी के दिन सुबह से ही लोगों ने अपने प्रतिष्ठान खोल लिए। बाजार खुलते ही खरीदारी भी होनी शुरू हो गई। इसकी शिकायत जब अधिकारियों से की गई तो उन्होंने अधीनस्थों को बाजार बंद कराए जाने के निर्देश दिए।
हरकत में आई थाना पुलिस भी शहर में दौड़ती नजर आई। पुलिस ने व्यापारियों से बाजार बंद रखे जाने की बात कही। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि यदि साप्ताहिक बंदी के दिन बाजार खोला गया तो आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। पुलिस के ओझल होते ही दुकानों के शटर उठ गए। साप्ताहिक बंदी का शहर में मखौल उड़ता हुआ दिखाई दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया साप्ताहिक बंदी पर बाजार खोले जाने की सूचना पर कस्बा पुलिस ने बाजार बंद करा दिया था।