पिकअप ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
मंडी धनौरा तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार की मौत हो गई।
मंडी धनौरा : तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार की मौत हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने गणेश आश्रम के समीप गजरौला मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी के आश्वासन के बाद जाम खोला।
मुहल्ला गांधी नगर में 55 वर्षीय अमीचंद का परिवार रहता है। बुधवार की रात वह बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए तहसील के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप पर गए थे। वहां से लौटते वक्त चांदपुर की दिशा से आ रही पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर वाहन चालक फरार हो गया। घायल को आनन-फानन में लोगों ने उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर स्वजन अस्पताल पहुंचे और उनमें चीत्कार मच गई। आक्रोशित लोगों ने लाश को गणेश आश्रम के निकट गजरौला मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। वह मुआवजे व कार्रवाई की मांग कर रहे थे। डेढ़ घंटे तक रोड जाम रहा। सूचना पाकर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोल दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण सिंह ने बताया अज्ञात पिकअप व उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जाम के दौरान रुकी रही मां भगवती की शोभायात्रा
मंडी धनौरा : हादसे में अधेड़ की मौत के बाद गुस्साए स्वजन ने गजरौला मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान यहां से दुर्गा अष्टमी का जुलूस भी निकलना था। डेढ़ घंटे तक मां भगवती का जुलूस भी रुका रहा। पुलिस हंगामा कर रहे लोगों को मनाती दिखी लेकिन लोग किसी की मानने को राजी नहीं थे। बड़ी मशक्कत के बाद लोग जाम खोलने को राजी हुए।