पार्टी हाईकमान तक पहुंचा पर्चा प्रकरण
जागरण संवाददाता, अमरोहा: भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गोला के खिलाफ पर्चे छपवा कर बांटने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। यह प्रकरण पार्टी हाईकमान तक पहुंच गया है।
अमरोहा: भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गोला के खिलाफ पर्चे छपवा कर बंटवाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। यह प्रकरण पार्टी हाईकमान तक पहुंच गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कई पदाधिकारियों को लखनऊ तलब किया गया है। माना जा रहा है कि कुछ पदाधिकारियों पर गाज गिरना तय है। पर्चा प्रकरण से संगठन की अंतर्कलह सतह पर आ गई है। कुछ लोग ओमप्रकाश गोला को जिलाध्यक्ष बनाए जाने से खुश नहीं हैं।
बीते सप्ताह पार्टी हाईकमान ने डॉ. ऋषिपाल नागर को हटा कर ओमप्रकाश गोला को भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया। हालांकि इस दौड़ में कई पदाधिकारी शामिल थे लेकिन श्री गोला उन्हें पछाड़ते हुए जिलाध्यक्ष बन गए। इस मनोनयन के बाद संगठन में विरोध की सुगबुगाहट शुरू हो गई परंतु वह खुलकर सामने नहीं आ रही थी। बता दें कि डॉ. ऋषिपाल नागर को जब जिलाध्यक्ष बनाया गया था तो उस समय भी संगठन के ही कुछ लोगों ने विरोध किया था परंतु नाकाम रहे थे। अब यही स्थिति दोहराई गई है।
तीन दिन पहले किसी ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ पर्चे छपवा कर बंटवा दिए। इन पर्चों में जिलाध्यक्ष को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। पर्चे बांटे जाने के बाद जिले में खलबली मच गई। राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गईं। हालांकि इस मामले में किसी भी पदाधिकारी ने बयान नहीं दिया है। चर्चा है कि पर्चा प्रकरण संगठन की अंदरूनी कलह की देन है। इस मामले को पार्टी हाईकमान ने गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को जिले के कई पदाधिकारियों को लखनऊ तलब कर लिया गया। माना जा रहा है कि कुछ पदाधिकारियों पर गाज गिरना तय है।
संगठन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिलाध्यक्ष के खिलाफ पर्चे बांटने के मामले में हाईकमान को कुछ पदाधिकारियों के नाम सौंपे गए हैं। उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। जल्दी ही उन पर गाज गिरेगी।