दफ्तर में घुसने से पहले पर्यावरण संरक्षण की लेनी होगी शपथ
मंडी धनौरा के उपजिलाधिकारी मांगेराम चौहान ने अब पर्यावरण जागरुकता का नया तरीका खोजा है।
गजरौला : मंडी धनौरा के उपजिलाधिकारी मांगेराम चौहान ने अब पर्यावरण जागरूकता का नया तरीका खोजा है। उन्होंने अपने कार्यालय आने वालों को मिलने से पहले पर्यावरण व जल संरक्षण की शपथ लेने को कहा है। यानी उनके दफ्तर में घुसने से पहले तहसील कर्मी व फरियादी शपथ लेते नजर आएंगे। उनकी इस मुहिम को सराहना जा रहा है। एसडीएम मांगेराम चौहान ने जनपद में अपनी छवि पर्यावरण प्रेमी की बना ली है। वह ऐसे कई सराहनीय कार्य कर चुके हैं। नौगांवा सादात तहसील में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाले कई काम किए थे। अब अनोखी पहल यह शुरू की है कि उनके दफ्तर में घुसने से पहले प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण व जल संरक्षण की शपथ लेनी होगी। दफ्तर के बाहर शपथ लेने के लिए हाथ का चिन्ह भी बनवाया है। वहां एक सूचना बोर्ड भी बनाया है। जिसपर लिखा है कि मैं वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण करने एवं इस कार्य को करने के लिए दूसरे लोगों को प्रेरित करने की शपथ लेता हूं'। खास बात है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वह आरोपितों द्वारा पौधारोपण करने पर जमानत देने व राशन डीलर को पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए जागरूक गोष्ठियां आयोजित करने की शपथ दिलाने की मुहिम चला चुके हैं। इस तरह वह करीब साढ़े छह हजार पौधेरोपित करवा चुके हैं।
वाकई एक चिंता का विषय : मांगेराम
पेड़ व इंसान दोनों ही भाई-भाई हैं। दोनों ही भगवान की संतान हैं। इसलिए पेड़ों को सुरक्षित रखना हम सबका कर्तव्य है। जिस तरह पानी की बर्बादी हो रही है। वह वाकई एक चिता का विषय है। पानी व पेड़ दोनों को बचाने के लिए इस मुहिम की शुरूआत की गई है। दफ्तर में आने वाले कर्मी व फरियादी को पर्यावरण व जल संरक्षण करने की शपथ दिलाई जाती है।
मांगेराम चौहान, एसडीएम, धनौरा।