उपचुनाव को लेकर फैसला नहीं, संशय में राजनीतिक दल
अमरोहा नौगावां सादात विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को भी कोई फै
अमरोहा: नौगावां सादात विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को भी कोई फैसला नहीं लिया गया। इससे राजनीतिक दलों की तैयारियां धरी रह गई। चुनाव की तैयारियों में जुटे सभी दल अब संशय में हैं। जिला प्रशासन भी चुनाव की तैयारियों मे जुटा हुआ है।
मालूम हो कि जिले की चार विधानसभा सीट में से नौगावां सादात सीट से निर्वाचित कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का निधन 16 अगस्त को हो गया था। जिससे यह सीट रिक्त हो गई थी। प्रदेश की अन्य सात सीटों के साथ यहां भी उपचुनाव होना है। उपचुनाव की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई थीं। राजनीतिक दल भी तैयारियों में जुटे थे। बसपा द्वारा प्रत्याशी भी घोषित किया जा चुका है। जबकि गुरुवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी जिले में आकर तैयारियों को पंख लगा गए थे। सपा, रालोद व कांग्रेस भी चुनावी गोटी फिट करने में जुटी हैं।
कयास लगाए जा रहे थे कि चुनाव आयोग द्वारा बिहार के विधानसभा चुनाव के साथ यहां भी तिथि घोषित करेगा परंतु शुक्रवार को बिहार चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया। जबकि यूपी के उपचुनाव को लेकर 29 सितंबर को फैसला होना है। ऐसे में राजनीतिक दल संशय में हैं।