अवैध संबंधों के विरोध में हुई थी मुन्नीलाल की हत्या
अमरोहा साढ़े चार महीना पहले गांव रूखालू में हुई वृद्ध मुन्नीलाल की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
अमरोहा : साढ़े चार महीना पहले गांव रूखालू में हुई वृद्ध मुन्नीलाल की हत्या का पर्दाफाश कर दिया गया है। पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया है। अवैध संबंधों के विरोध में तीन लोगों ने गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी।
बताया 15 फरवरी, 20 की रात को हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रूखालू में रहने वाले वृद्ध मुन्नीलाल का गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उनकी पुत्रवधु गीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही थी। मंगलवार सुबह प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने टीम के साथ गांव के ही ओमकार सिंह व सुभाष को पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने साथी भगवा सिंह के साथ मिलकर मुन्नीलाल का रस्सी से गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।
उन्होंने बताया ओमकार के अवैध संबंध मृतक के परिवार की एक महिला से थे। मृतक इसका विरोध करता था। घटना वाले दिन तीनों ने मिलकर गला दबाकर मुन्नीलाल की हत्या कर दी थी। बताया मृतक मूल रूप से गांव सिरसा के रहने वाले थे तथा रूखालू में आकर रहने लगे थे। उन्होंने आरोपित ओमकार के पिता से ही मकान भी खरीदा था। इसके चलते ओमकार का आना-जाना था। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।