विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेंदुए के खौफ के बीच AI का खतरनाक खेल: फर्जी फोटो से फैलाई दहशत, अब वन विभाग करेगा सख्त कार्रवाई

Published: Tue, 08 Sep 2026 12:00 AM (IST)

मुरादाबाद मंडल में तेंदुए के खौफ के बीच कुछ शरारती तत्व AI का दुरुपयोग कर फर्जी तस्वीरें फैला रहे हैं, ...और पढ़ें

अमरोहा में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एआइ से बनाया गया फोटो। स्रोत इंटरनेट मीडिया

अमरोहा में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एआइ से बनाया गया फोटो। स्रोत इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. शरारती तत्व एआइ से फोटो बनाकर कर रहे प्रसारित, मुरादाबाद मंडल में तेंदुआ की दहशत बरकरार

जागरण संवाददाता, अमरोहा। मुरादाबाद मंडल के जंगलों में घूम रहे तेंदुआ आदमखोर हो चुके हैं। मुरादाबाद में चार तो अमरोहा में एक व्यक्ति की जान ले चुके हैं। पालतू मवेशियों के साथ ही कुत्तों को भी मार डाला है तथा दोनों जिलों में दो दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर घायल भी कर चुके हैं। यानी मंडल में तेंदुआ का खौफ बरकरार है।

एक तरफ वन विभाग लोगों को सतर्कता बरतने के लिए जागरूक कर रहा है तो वहीं कुछ शरारती तत्व ऐसे हैं जो एआइ का दुरुपयोग कर तेंदुआ का शिकार करते हुए एआइ से फर्जी फोटो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं।

अमरोहा में सामने आए ऐसे प्रकरण के बाद वन विभाग ने शरारती तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई की तैयारी शुरु कर दी है। जहां एक तरफ लोग एआइ का सदुपयोग कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसका दुरुपयोग कर तेंदुआ को लेकर दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं।

अक्सर रास्ते में या जंगल में दिखाई देने वाले तेंदुआ की वीडियो बनाकर लोग इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित भी कर देते हैं। इस खौफ के बीच वन विभाग प्रभावित गांव जाकर लोगों को सतर्कता बरतने के साथ ही तेंदुआ को लेकर जागरूक कर रहा है।

परंतु इसी खौफ के बीच शनिवार को संभल के गांव मढन में शरारती तत्वों ने एआइ से तेंदुआ की फोटो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी। जिससे लोग परेशान रहे। ऐसा ही मामला रविवार रात अमरोहा में भी सामने आया है।

किसी युवक ने एआइ से तेंदुआ की फोटो बनाई। जिसमें वह कुत्ते का शिकार करता नजर आ रहा है। यह फोटो कैलसा रोड स्थित गांव तेलीपरा का बताया गया था। फोटो देख कर गांव के लोग दहशत में आ गए। उन्होंने वन विभाग को सूचना दी।

जिस पर सोमवार सुबह टीम गांव पहुंची तथा मामले की जांच की तो जिस स्थान पर फोटो में तेंदुआ को खड़ा हुआ दिखाया है वह गांव में है ही नहीं। साथ ही फोटो भी भ्रामक है।

बेहद करीब से खींचा गया फोटो है। डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि यह फोटो शरारती तत्वों ने एआइ से बनाकर प्रसारित किया है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: मजार पर बुलडोजर के बाद अब TMU से सटी 'मुस्तफा मस्जिद' पर शिकंजा, MDA ने थमाया नोटिस