दिल्ली-लखनऊ हाईवे किनारे दिखाई दिया तेंदुआ, अमरोहा के गांवों में दहशत का माहौल
डिडौली क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बनी हुई है, जहां दिल्ली-लखनऊ हाईवे के पास हरियाना गांव में आबादी के करीब उसे देखा गया।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
डिडौली क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बरकरार है।
हरियाना गांव में आबादी के पास तेंदुआ दिखा।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा।
जागरण संवाददाता, डिडौली। क्षेत्र में तेंदुआ की दहशत बरकरार है। रविवार को भी दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित गांव हरियाना में आबादी के पास जंगल में तेंदुआ दिखाई दिया है। मंसूरी पब्लिक स्कूल की दीवार से सटे गन्ने के खेत की चकरोड पर टहलते तेंदुआ का युवक ने वीडियो बना लिया। जिसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग को सूचना दे दी है।
दरअसल एक पखवाड़ा से क्षेत्र के कई गांव के जंगल में तेंदुआ दिखाई दे रहा था। सिरसा मोहन, चुबका, सहसपुर, मूंढ़ा इम्मा के जंगल में कई बार तेंदुआ दिखाई दिया है। हालांकि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को जागरूक कर रही है।
इस क्रम में रविवार को क्षेत्र में फराशपुरा और हरियाना गांव के बीच स्थित मंसूरी पब्लिक स्कूल के पीछे निक्कू के खेत में तेंदुआ दिखाई दिया है। जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
तेंदुआ को देखकर ग्रामीणों ने उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। तेंदुआ एक गन्ने के खेत से निकल कर चकरोड से होता हुआ दूसरे गन्ने के खेत में जाता दिख रहा है।
डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को खेतों में काम करने और रास्तों से गुजरते समय सतर्क रहने की जरूरत है। टीम भेज कर जानकारी जुटाई जा रही है।
