भैंसरोली व नयागांव में दिखाई दिया तेंदुआ, दहशत
हसनपुर फूलपुर बीझलपुर गांव में सोमवार रात को तेंदुए के हमले में महिला की मौत हो गई।
हसनपुर : तहसील क्षेत्र के फूलपुर बीझलपुर गांव में सोमवार रात को तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद से क्षेत्र में तेंदुए की कदमताल बरकरार है।
बुधवार को दौलतपुर कला तथा मंगरौली गांव में लोगों ने तेंदुआ देखा था। जबकि गुरुवार को भैंसरोली तथा नया गांव सुल्तानपुर वीरान में तेंदुआ देखा गया है। उल्लेखनीय है कि कोतवाली के फूलपुर बीझलपुर निवासी शारदा (33) सोमवार रात अपने खेत पर मक्का की फसल की सिचाई कर रही थी। इस दौरान तेंदुए ने हमला कर महिला को मौत के घाट उतार दिया था। गुरुवार को भी तेंदुआ दिखाई देने से किसान अपनी फसलों की रखवाली को लेकर खासे भयभीत हो रहे हैं। अकेले जंगल में जाने से कतरा रहे हैं। उधर वन विभाग की टीम महिला की मौत के बाद से ही क्षेत्र में तेंदुए की तलाश में सर्च अभियान चला रही हैं।
लोगों का कहना है कि गंगा किनारे एवं वन विभाग के वनों से लगातार पेड़ों का अवैध कटान होने से जंगली जानवर वनों में छिपाने के लिए पर्याप्त जगह न होने से मैदानी इलाके की तरफ बढ़ रहे हैं। पिछले एक महीने के अंदर हसनपुर क्षेत्र में खजूरी तथा मुबारिजपुर में दो तेंदुए पकड़े जा चुके हैं। इसके बावजूद भी क्षेत्र में जगह-जगह तेंदुए दिखाई पड़ रहे हैं। क्षेत्रीय वनाधिकारी सुभाष चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जिस गांव में भी तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिल रही है। वहीं टीम पहुंचकर काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अकेले जंगल न जाने की अपील की है।