गंगा दशहरा पर ब्रजघाट व तिगरी में उमड़े श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी
गजरौला के ब्रजघाट और तिगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गंगा नदी में गंगा दशहरा के पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
अमरोहा (जेएनएन)। गंगा दशहरा पर आज यहां गजरौला के ब्रजघाट और तिगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गंगा नदी में गंगा दशहरा के पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
आज यहां पर तड़के से ही घाटों पर उमड़े श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान करना शुरू कर दिया। सूर्य की किरणें फैलने के साथ घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। हर हर गंगे के उदघोष के साथ श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे थे। स्नान के कारण घाटों व दुकानों पर खासी चहल पहल बनी है।
स्नान एवं दशहरा मेले की वजह से हाईवे पर जाम की स्थिति अभी तक नहीं बनी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चप्पे चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। स्नान के कारण रेलवे स्टेशन पर भी भीड़ है। श्रद्धालु स्नान के लिए पैसेंजर ट्रेनों से भी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु स्नान के बाद पुरोहितों से हवन व कथा कराकर दुकानों से प्रसाद खरीदने के साथ सब्जी पूरी का स्वाद भी ले रहे थे।
उधर रोडवेज बसों व डग्गामार वाहनों में भी भीड़-भाड़ की स्थिति बनी है। भीड़ भाड़ के कारण उन्हें गर्मी से भी जूझना पड़ रहा है। इनकी वजह से ब्रजघाट गंगा पुल से ट्रैफिक रेंग कर गुजर रहा है।