CAA Protest : 55 आरोपितों को नोटिस जारी, 30 तक देना है जवाब Amroha News
बवाल में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति करने में जुटा प्रशासन। प्रशासन की ओर से लोगों से क्षतिपूर्ति के दावे भी मांगे गए।
अमरोहा, जेएनएन। दो दिन तक चले बवाल में हुए नुकसान की भरपाई के लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गुरुवार को अपर जिलाधिकारी ने मुकदमे में नामजद 55 आरोपितों को क्षतिपूर्ति के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। जवाब देने के लिए 30 दिसंबर तक का समय दिया गया है। साथ ही क्षतिपूर्ति के लिए शहर के लोगों से दावा आपत्ति भी मांगी गई है। नामजद आरोपितों की संख्या बढऩे पर उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
डीएम ने जारी किए आदेश
बवाल के दौरान हुए नुकसान की भरपाई के लिए शासनादेश के तहत जिलाधिकारी उमेश मिश्र व एसपी डॉ. विपिन ताडा ने आरोपितों से नुकसान की भरपाई करने का आदेश जारी किया था। इस क्रम में नगर पुलिस ने नुकसान संबंधी अपनी प्राथमिक रिपोर्ट तैयार कर अपर जिलाधिकारी कार्यालय को प्रेषित कर दी है। इसमें पुलिस द्वारा प्राथमिक आंकलन के लिहाज से तीन लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। साथ ही नामजद 55 आरोपितों की सूची भी प्रेषित की है। सूची मिलने के बाद एडीएम गुलाब चंद्र द्वारा सभी नामजद आरोपितों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। साथ ही जवाब देने के लिए 30 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
लोगों से मांगी गई आपत्ति
शहर के लोगों से भी दावे-आपत्ति मांगी गई हैं। बवाल के दौरान किसी व्यक्ति की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है तो वह भी क्षतिपूर्ति का दावा कर सकता है। एडीएम ने बताया कि 55 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही लोगों से दावे-आपत्ति मांगी गई हैं। यदि पुलिस द्वारा अन्य आरोपितों के नाम दिए गए तो उनके खिलाफ भी नोटिस जारी होंगे।