ब्रजघाट में कांवड़ियों ने दो वाहनों में लगाई आग, हंगामा
कांवड़ यात्रा के दौरान ब्रजघाट में शुक्रवार रात बवाल होने से बच गया। कांवड़ लेकर चले कांवड़ियों ने ब्रजघाट में गंगा पुल से गढ़ दिशा में मुर्गों से लदे खड़े दो वाहनों में आग लगा दी। आगजनी होते ही कांवड़िये तोड़फोड़ भी करने लगे। सूचना मिलते ही गढमुक्तेश्वर व गजरौला की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
गजरौला : कांवड़ यात्रा के दौरान ब्रजघाट में शुक्रवार रात बवाल होने से बच गया। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों ने ब्रजघाट में गंगा पुल से गढ़ दिशा में मुर्गों से लदे खड़े दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया, तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर व गजरौला की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। हाईवे ब्लॉक कर पुलिस ने किसी तरह से हालात संभाले। हाईवे ब्लॉक होने की वजह से रातभर नेशनल हाईवे पर जाम लगा रहा।
सावन के चौथे एवं अंतिम सोमवार पर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शुक्रवार को भारी संख्या में कांवड़िया ब्रजघाट गंगा से कांवड़ लेने पहुंचे थे। हजारों की तादाद में कांवड़िये ब्रजघाट गंगा की जलधारा से जलभर कर गंतव्य की तरफ जत्थों के रूप में रवाना हो रहे थे तो ब्रजघाट पुल पर पहुंचने से पहले ही हाईवे पर दो वाहन खड़े मिले। इनमें मुर्गे भरे हुए थे। दुर्गध भी आ रही थी। चर्चा यह भी है कि एक में मांस लदा था। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। रात करीब ग्यारह बजे कांवड़ियों ने दोनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया। आग लगते ही वाहनों से लपटे उठने लगीं। मुर्गों की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके का नजारा देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
बता दें कि यह इलाका हापुड़ जनपद की गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में आता है, लेकिन अमरोहा सीमा से एक दम सटा है। इससे पुलिस को मामला गंभीर दिखने पर पुलिस ने दोनों ओर का यातायात पूरी तरह बंद कर दिया। उसके बाद कांवड़ियों द्वारा दो वाहनों में आग लगाने का मैसेज वायरलैस पर फ्लैश होते ही गजरौला एवं गढ़मुक्तेश्वर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हाईवे ब्लॉक कर दिया। यहां किसी तरह से पुलिस ने हंगामा एवं वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे कांवड़ियों को समझाकर शांत किया। रात एक बजे कांवड़िये वहां से हटे तो गढ़मुक्तेश्वर से पहुंची दमकल की गाड़ी से आग बुझाई गई। आग बुझाने के बाद जले हुए वाहनों को वहां से हटवा दिया। इस वजह से रातभर हाईवे पर जाम लगा रहा। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कांवड़ियों द्वारा गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में मुर्गों से भरे दो वाहनों में आग लगाई गई। गजरौला पुलिस ने मौके पर पहुंच हालात संभाले। इसी वजह से हाईवे पर जाम लग गया था, बामुश्किल जाम खुलवाया जा सका। जो भी घटनाक्रम हुआ वह गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र का है। इसमें गजरौला पुलिस की कोई लापरवाही नहीं रही।
अशोक कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक, गजरौला।