Amroha News: पुलिस मुठभेड़ में ई-रिक्शा चालक के हत्यारों को लगी गोली, एक सिपाही भी हुआ घायल
शुक्रवार दोपहर को एसओ देहात सतेंद्र सिंह अपनी टीम व एसओजी के साथ उक्सी रायपुर के जंगल में ई-रिक्शा चालक कावेंद्र सिंह के हत्यारों की तलाश में जुटे थे। सुबह के समय उन्होंने इस घटना में शामिल आरोपित फाजिल निवासी मुहल्ला जट बाजार को गिरफ्तार कर लिया था।
अमरोहा, जागरण संवाददाता। फरार होने की कोशिश कर रहे ई-रिक्शा चालक के हत्यारोपितों को पुलिस ने घेरा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में दोनों आरोपितों को गोली लगी, जबकि सिपाही भी घायल हुआ है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके तीसरे साथी को पुलिस ने शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान तीनों ने ई-रिक्शा चालक की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे व सीओ विजय कुमार राणा ने भी घटना स्थल का दौरा किया।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर को एसओ देहात सतेंद्र सिंह अपनी टीम व एसओजी के साथ उक्सी रायपुर के जंगल में ई-रिक्शा चालक कावेंद्र सिंह के हत्यारों की तलाश में जुटे थे। सुबह के समय उन्होंने इस घटना में शामिल आरोपित फाजिल निवासी मुहल्ला जट बाजार को गिरफ्तार कर लिया था। उसने पुलिस को बताया था कि उसके दो साथी और हैं जोकि आज किसी समय अमरोहा से भाग सकते हैं।
लगभग चार बजे आम के बाग के किनारे सड़क पर टीम ने बाइक सवार दो युवकों को आते देखा। पुलिस को देख कर दोनों युवकों ने बाइक मोड़ कर भागने की कोशिश की। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग करते हुए पुलिस ने दोनों को घेर लिया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। जबकि गोली लगने से सिपाही अनिल कुमार भी घायल हुआ है।
मुठभेड़ की जगह पहुंची एसपी आदित्य लांग्हे
मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसपी आदित्य लांग्हे, एएसपी राजीव कुमार सिंह व सीओ सदर विजय कुमार राणा भी मौके पर पहुंच गए। घायल बदमाशों व सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के नाम हसन व कामिल निवासी जट बाजार हैं। उन्होंने पूछताछ के दौरान बताया कि 20 दिन पहले सवारी बैठाने को लेकर तीनों का विवाद कावेंद्र से हुआ था।
दो आरोपित भी रिक्शा चालक
उसका बदला लेने के लिए कावेंद्र की हत्या की थी। दोनों ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाते हैं तथा फाजिल आटो चलाता है। मंगलवार शाम को फाजिल ही कावेंद्र को अपने साथ कामिल के मकान में ले गया था। कावेंद्र शराब के नशे में था। लिहाजा तीनों ने हत्या कर शव को बोरे में बंद कर बाग में फेंक दिया था।
यह था घटनाक्रम
बुधवार सुबह देहात थाना क्षेत्र में कांठ रोड पर आम के बाग में बोरे में बंद युवक का शव मिला था। मंगलवार रात को गला काट कर उसकी हत्या करने के बाद बाग में फेंक दिया था। मृतक की शिनाख्त अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव मानकजूड़ी निवासी बीएसएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी चंद्रपाल सिंह के बेटे कावेंद्र के रूप में हुई थी। कावेंद्र भी ई-रिक्शा चलाता था। स्वजन की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
25-25 हजार का ईनाम था घोषित
ई-रिक्शा चालक के हत्यारों पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। साथ ही घटना का राजफाश करने के लिए तीन टीम गठित की थीं। शुक्रवार को आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ई-रिक्शा व मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
एसपी बोले, मारपीट का बदला लेने के लिए की थी हत्या
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि ई-रिक्शा चालक के हत्यारोपितों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपितों को गोली लगी है। जबकि सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है। 20 दिन पहले हुई मारपीट का बदला लेने के उद्देश्य से तीनों ने मिलकर ई-रिक्शा चालक की हत्या की थी।