'साथ नहीं चलूंगी...' पत्नी की इस बात से नाराज पति ने ससुराल में जेब से निकाला ब्लेड, रेत लिया खुद का गला
अमरोहा के हसनपुर में पत्नी के मायके से साथ चलने से इनकार करने पर एक पति ने ब्लेड से अपना ...और पढ़ें

अस्पताल में पत्नी से पूछताछ करती पुलिस
HighLights
नाराजी में मायके में रह रही पत्नी को बुलाने पहुंचे पति ने उठाया खौफनाक कदम
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। नाराज होकर मायके में रह रही पत्नी को बुलाने के लिए ससुराल आए पति ने पत्नी के साथ नहीं चलने पर ब्लेड से अपना गला रेतकर खुद को लहूलुहान कर लिया। उधर घायल होने के बाद वह जमीन पर गिर गया। आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद हापुड़ के कस्बा बक्सर के मुहल्ला पीपलवाला निवासी वसीम खेती करते हैं। उनकी शादी करीब दस साल पहले हसनपुर के मुहल्ला लालबाग निवासी सोनम से हुई थी। पत्नी का आरोप है कि पति नशे के आदी हैं।
नशे की हालत में वह पत्नी तथा बेटियों के साथ आए दिन मारपीट करता है। पति के प्रताड़ित करने से परेशान होकर पत्नी 15 दिन पहले अपनी बेटियों को साथ लेकर अपने मायके हसनपुर आ गई थी।
शुक्रवार को वसीम ससुराल पहुंचा और पत्नी पर घर चलने का दबाव बनाने लगा। पत्नी ने उसके साथ ससुराल जाने से साफ इन्कार कर दिया। आरोप है वसीम ने जेब से ब्लेड निकालकर अपना गला रेत लिया।
खून से लथपथ वसीम को देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
गले में पट्टी बंधवाने के बाद भी वसीम खड़ा हो गया तथा पत्नी को साथ घर ले जाने की जिद करने लगा। चिकित्सा अधीक्षक डा. धुर्वेंद्र सिंह ने गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। उधर सूचना मिलने पर वसीम के स्वजन भी हसनपुर आ गए।
चिकित्साधीक्षक युवक की हालत खतरे से बाहर बता रहे हैं। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि पत्नी के साथ नहीं जाने से नाराज होकर पति ने खुद पर ब्लेड से वार करके घायल कर लिया है। मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
