सरकार ने कारपोरेट घरानों के हाथ बेच दिए किसान
अमरोहा पार्टी हाईकमान के निर्देश पर समाजवादी पार्टी नेताओं ने किसान एवं श्रमिक विधेयकों के विरोध में प्रदर्शन किया।
अमरोहा : पार्टी हाईकमान के निर्देश पर समाजवादी पार्टी नेताओं ने किसान एवं श्रमिक विधेयकों के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। सदर विधायक महबूब अली व पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया सरकार ने किसानों को कारपोरेट घरानों के हाथ बेच दिया है।
शुक्रवार सुबह अमरोहा सदर विधायक/ उत्तर प्रदेश लोक लेखा समिति के चेयरमैन महबूब अली, राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री कमाल अख्तर, मौलाना जावेद आब्दी, एमएलसी परवेज अली के साथ ही जिलाध्यक्ष निर्मोज यादव व अन्य कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम उमेश मिश्र से मुलाकात की और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उन्हें दिया। विधायक महबूब अली ने कहा केंद्र और प्रदेश सरकारों की नीतियों से किसान और श्रमिकों के हितों को गहरा आघात लग रहा है। इन नीतियों से कारपोरेट घरानों को ही फायदा होगा जबकि किसानों की बदहाली और बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कृषि और किसान के साथ ही श्रमिक ही कठिन समय में देश अर्थव्यवस्था को संभालता है लेकिन, आज इस वर्ग का सबसे ज्यादा शोषण किया जा रहा है, जो सही नहीं है। मांग करते हुए कहा किसानों और श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के लिए कृषि विधेयक तथा श्रम कानूनों को वापस लिया जाए। पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने कहा भाजपा किसानों और श्रमिक वर्ग का मनोबल तोड़ने और उन्हें असहाय बनाने की साजिश में जुट गई है इससे साबित हो गया है कि किसानों को फायदा पहुंचाने और श्रमिकों को रोजगार देने के उसके दावे सिर्फ सफेद झूठ है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री जगराम सिंह, विपिन कौशिक, आरिफ अख्तर, अजीम, फैसल जफर, सचिन यादव, संदीप गुर्जर, रफत प्रधान, सलमान विजय कुमार, नवनीत कुमार गोला, दानिश इंजीनियर, आरिफ मलिक, आलोक कुमार भारती, जितेंद्र यादव मौजूद थे।