कोरोना संक्रमण में सोना बना निवेशकों की पहली पसंद
मंडी धनौरा लॉकडाउन से जहां देश की आर्थिक व्यवस्था लगातार गिर रही है। काम धंधे चौपट हो गए।
मंडी धनौरा : लॉकडाउन से जहां देश की आर्थिक व्यवस्था लगातार गिर रही है। काम धंधे चौपट पड़े हैं। वहीं सोना 50 हजारी हो गया है तो चांदी भी 65 हजारी होने की कगार पर है। सर्राफा व्यवसायियों का कहना है कि कोरोना के चलते अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है। इस कारण निवेशकों का रुझान सोने व चांदी की तरफ तेजी से बढ़ा है। यही वजह है कि सोना व चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं।
सोने के दाम इन दिनों पचास हजार रुपये प्रति तोला व चांदी 62 हजार रुपये प्रति किलो है। लॉकडाउन से पहले सोना 38 हजार व चांदी 40 हजार रुपये थी। सर्राफा कारोबारियों का मानना है कि सोने की खरीदारी हाजिर और वायदा दो तरह के बाजारों में होती है। हाजिर बाजार यानी आपके शहर का सर्राफा बाजार और वायदा मतलब मल्टीकमोडिटी एक्सचेंज जिस तरह शेयर बाजार में शेयरों की खरीद होती है, उसी तरह एमसीएक्स (ऑनलाइन) पर सोने और चांदी की डिजिटल माध्यम से खरीद-फरोख्त होती है। लॉकडाउन में हाजिर बाजार बंद होने के बाद भी वायदा बाजार में कारोबार जारी रहा। वायदा बाजार में लोग खरीदारी कर रहे हैं। इसलिए सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। सोने की खरीदारी कई वजहों से की जाती है। जैसे आम आदमी गहनों के रूप में सोने की खरीदारी करता है। इसी तरह विभिन्न देशों के केंद्रीय बैंक अपनी मुद्रा को मजबूती देने के लिए सोने की खरीदारी करते हैं। शेयर बाजार में तेज गिरावट और लॉक डाउन में कमजोर हुई अर्थव्यवस्था व संकट के दौर में तमाम लोग सोने की खरीदारी कर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाते हैं। क्योंकि सोना सुरक्षित निवेश विकल्प माना जाता है। अब लॉकडाउन में आम आदमी को छोड़ दीजिए तो बाकी केंद्रीय बैंक, फंड मैनेजर्स, स्वतंत्र निवेशक आदि सभी लोग पूरी दुनिया में अलग अलग एक्सचेंज पर सोने की खरीदारी कर रहे हैं। सोने के भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी रिकॉर्ड उंचाई पर है। इसी वजह से भारत में सोने में तेजी देखने को मिल रही है। निवेशक शेयर बाजार में से अपना पैसा निकाल कर सोने को सुरक्षित निवेश मानकर इसमें निवेश कर रहा है। इसी कारण चांदी व सोने के भाव आसमान छू रहे हैं। वहीं बाजार में इसके उलट काम धाम बिल्कुल मंद पड़े हुए हैं। लॉकडाउन लगने पर वायदा बाजार में सोने की जमकर खरीदारी हुई है। सुरक्षित निवेश के रूप में सोना निवेशकों की पहली पसंद बना हुआ है। इस कारण सोने व चांदी के दाम चरम पर है। इसके उलट आम बाजार में काम धाम मंदे पड़े हुए हैं।
ललित वर्मा, सर्राफ। लॉकडाउन में देश की गड़बड़ाई अर्थव्यवस्था के बाद निवेशक अपना पैसा शेयर बाजार से निकालकर सोने और चांदी की खरीदारी में लगा रहे हैं। इस कारण कोरोना संक्रमण में भी बहुमूल्य धातुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
श्याम सुंदर वर्मा, सर्राफ।