आजाद रोड से हटाया अतिक्रमण, भड़के व्यापारी
अमरोहा : नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। शनिवार को ईओ के नेतृत्व में पाि
अमरोहा : नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। शनिवार को ईओ के नेतृत्व में पालिका की टीम ने पुलिस मौजूदगी में आजाद मार्ग से अतिक्रमण हटाया। जेसीबी ने नाली- नालों को अतिक्रमण से मुक्त कराया। व्यापारियों ने अभियान का विरोध किया। टीम के साथ व्यापारियों की नोकझोंक भी हुई।
पालिका के अधिशासी अधिकारी विजेंद्र पाल ¨सह के नेतृत्व में 16 मार्च से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। गांधी मूर्ति चौराहे से शुरू हुआ अभियान लगातार जारी है। शनिवार को आजाद रोड पर शहनाई होटल से अतिक्रमण हटाओ अभियान दो बजे के बाद शुरू हुआ। ईओ, कर अधीक्षक मोहम्मद सुहेल खां, जेई बीआर अशोक, कर निरीक्षक शैलेंद्र शर्मा, अंजार अली, कमल शेखर, कामयाब अली, सफाई निरीक्षक, इकबाल, इल्तजा सहित भारी संख्या में पालिका के कर्मचारी आजाद रोड पर पहुंचे। टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। जिसने भी सड़क, नाली व नालों पर अतिक्रमण कर रखा था उसे तोड़ दिया।
कइयों ने तो नाले और नालियों पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण करा लिया था। ऐसे में सफाई कार्य नहीं हो पा रहा था। इस कारण नालियां जाम पड़ी रहीं और बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर जाता था। अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों की नगर पालिका के अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई मगर अफसरों ने उनकी एक नहीं सुनीं और अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रखा।
अर्जुन टाकीज तक पालिका ने अतिक्रमण हटवाया। साथ ही लोगों को चेतावनी दी कि आगे से अगर किसी ने अतिक्रमण किया तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
अमरोहा : व्यापार मंडल ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें जिलाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम मंसूरी ने कहा शहर में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण आम जनता व शहरवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हमारा संगठन भी अतिक्रमण हटाने के पक्ष में है। मगर अतिक्रमण हटाने से पहले पालिका को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक करनी चाहिए थी मगर पालिका ने इसे आवश्यक नहीं समझा। शहर में अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों के साथ पुलिस द्वारा अभद्रता का मामला सामने आ रहा है। यही नहीं पालिका ने कई दुकानदारों के नाले पर डाले गए स्लैब को भी तोड़ दिए। इससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इस मौके पर सुरेश बिरमानी, सिद्धार्थ जैन सिह भारी संख्या में व्यापारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।
शहर की सड़कों व नाले-नालियों को अतिक्रमण से मुक्त करने तक अभियान जारी रहेगा। अर्जुन टाकीज तक अतिक्रमण हटवाया गया। जहां से अतिक्रमण हटा है। अब वहां अतिक्रमण मिला तो पालिका हटाएगी। खर्च की पूरी भरपाई जिसने अतिक्रमण कर रखा है, उससे की जाएगी।
बिजेंद्र पाल ¨सह, ईओ।