तीन हादसों में पांच घायल
जागरण संवाददाता जोया अलग-अलग हुए तीन हादसों में पांच लोग घायल हो गए। दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया है। शेष का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
जोया : अलग- अलग हुए तीन हादसों में पांच लोग घायल हो गए। दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया है।
पहला हादसा डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर नीलीखेड़ी पेट्रोल पंप के पास हुआ। मुरादाबाद के मझौला थाना के मुहल्ला सूर्य नगर निवासी खुशीराम सिंह बाइक से जोया की तरफ जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में खुशीराम सिंह घायल हो गए। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
दूसरा हादसा देहात थाना क्षेत्र में कैलसा रोड पर गांव तेलीपुरा के पास हुआ। यहां पर क्षेत्र के गांव अंबरपुर निवासी बाइक सवार प्रमोद कुमार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीसरा हादसा रजबपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुआ। गजरौला के नई बस्ती निवासी संजीव कुमार, रामकिशोर व संगीता देवी बाइक पर सवार होकर जोया की तरफ जा रहे थे। अतरासी रजबपुर के बीच में बाइक को कार ने साइड मार दी। तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। संजीव व संगीता की हालत नाजुक होने पर मुरादाबाद रेफर किया गया है।