नौगावां क्षेत्र में पकड़ा साढ़े पांच क्विटल नकली कीटनाशक
जिला कृषि अधिकारी ने रविवार को नौगावां सादात पुलिस के साथ जीरखी गांव के नजदीक नकली कीटनाशक पकड़ा।
अमरोहा: जिला कृषि अधिकारी ने रविवार को नौगावां सादात पुलिस के साथ जीरखी गांव के नजदीक छापा मारा। टाटा मैजिक में लदा साढ़े पांच क्विटल नकली कीटनाशक पकड़ लिया। इसके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही कीटनाशक स्वामी के खिलाफ नौगावां सादात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह कीटनाशक सम्भल से आ रहा था और उसको क्षेत्र की दुकानों पर खपाने की तैयारी थी।
जिलाधिकारी उमेश मिश्र से कई बार किसानों ने नकली कीटनाशक जनपद में बिकने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर उन्होंने जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह को पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुखबिर की सूचना पर सुबह दस बजे जिला कृषि अधिकारी ने मूंढ़ाखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह के साथ धनौरा-अमरोहा मार्ग पर जीरखी गांव के पास छापामारी की। यहा टाटा मैजिक में लदे नकली कीटनाशक को मालिक सहित दबोच लिया।
जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक- पूछताछ में कीटनाशक स्वामी ने अपना नाम जगतवीर पुत्र यादराम निवासी गांव शरीफपुर जनपद सम्भल बताया। मौके पर वह कीटनाशक के बिल व अभिलेख नहीं दिखा पाया। वाहन में 360 किलो नकली फटेरा व 200 किलो ग्राम नकली बर्टको मिला है। इनके नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच को भेज दिए गए हैं। वाहन को सीज कर कीटनाशक पुलिस की सुपुर्द में दे दिया गया है। कीटनाशक स्वामी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी गई है।