चलती कार में आग लगी तो किसी को बचने का रास्ता नहीं मिला सभी झुलस गए
अमरोहा के जोया में हाईवे पर चलती कार में आग लगने से इसमें सवाक पांच लोग झुलस गए। इनमें तीन महिलाए भी हैं। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया।
अमरोहा (जेएनएन)। जोया में हाईवे पर चलती ईको कार यूपी 23-आर 3171 में आग लग गई। इसमें तीन महिलाओं समेत पांच लोग झुलस गए। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। यह हादसा मंगलवार दोपहर हाईवे पर जोया में सोत नदी के पुल पर हुआ। दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार का टायर फट गया, जिससे बेकाबू कार ने हाईवे पर चार पलटे खाए। हादसा देखकर आसपास के लोग कार की तरफ दौड़े। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
मौके पर पंहुचे लोगों ने हिम्मत कर कार में फंसे लोगों को मशक्कत के बाद बाहर निकाला। झुलसे संजीव कुमार पुत्र विश्वनाथ सिंह निवासी फरीदाबाद बास्टा चांदपुर बिजनौर, सोनिया पुत्री बृजपाल सिंह निवासी फत्तेपुर शिकारा थाना बछराऊं अमरोहा, मधुवाला पत्नी विजय त्यागी एवं दीपक कुमार पुत्र श्यामसुंदर निवासीगण मुरादाबाद लोगों को अस्पताल भेजा गया। सभी कार में गजरौला से मुरादाबाद जा रहे थे। चालक ने लोगों को बतौर सवारी बैठाया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऋषिराम कठेरिया ने बताया कि डॉ. हुकमसिंह गिल तथा पेट्रोल पम्म कर्मचारियों ने आग बुझाने के सिलेण्डर ले आग पर काबू पाया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।