प्रत्याशियों के स्वजन में मारपीट व फायरिग
जोया चुनावी रंजिश के चलते प्रधान पद के प्रत्याशियों के स्वजन में मारपीट व पथराव की घटना के बाद फायरिंग हुइ्र।
जोया: चुनावी रंजिश के चलते प्रधान पद के प्रत्याशियों के स्वजन में मारपीट व पथराव की घटना के बाद फायरिग हुई। एक के बाद एक 15 राउंड फायरिग की गई। महिला समेत तीन लोगों को गोली लगी है। घायलों का उपचार सरकारी अस्पताल में चल रहा है। दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पलौला की है। यहां पंचायत चुनाव में पूर्व प्रधान मुजफ्फर अली व पूर्व प्रधान शकील अहमद आमने- सामने थे। दोनों पक्षों में पहले भी चुनावी रंजिश चली आ रही है। इस क्रम में मंगलवार रात लगभग नौ बजे भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। बताते हैं कि मुजफ्फर अली पक्ष के लोग वोटिग पर चर्चा कर रहे थे। आंकड़ेबाजी के दौरान ही जीत का जश्न मनाने लगे। शोर-शराबा हुआ तो थोड़ी दूरी पर शकील अहमद पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। गाली-गलौज शुरू हो गई।
इसी दौरान मुजफ्फर पक्ष का जावेद दवाई लेने जा रहा था। आरोप है कि शकील पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया तथा मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोगों में मारपीट व पथराव होने लगा। फायरिग शुरू हो गई। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई। दोनों पक्षों की तरफ से 15 राउंड फायरिग हुई। जावेद, गुले रुखसार व गुड्डू को गोली लगी है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी सुनीति, एएसपी अजय प्रताप सिंह, सीओ विजय कुमार राना फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा हालात पर काबू पाया। दोनों पक्षों के लोग घरों से फरार हो गए। इस घटना में जावेद की तहरीर पर हसीब, गजनबी, आमिर सुहैल, रिजवान, रेहान, नौशान, ऐनुल, नदीम व बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चुनावी रंजिश के चलते मारपीट व फायरिग की घटना सामने आई है। दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
सुनीति, एसपी।