दूध के सही दाम मिलने की उम्मीद में खिले चेहरे
लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद मिठाई व अन्य दुकानों के खुलने से दूध के दाम में उछाल आएगा।
अमरोहा : लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद मिठाई व अन्य दुकानों के खुलने से दूध के दाम में उछाल आएगा। पशु पालकों को अच्छा मूल्य मिलेगा। अब डेयरी संचालकों ने भी सुबह और शाम की शिफ्ट में दूध लेने का कार्य चालू कर दिया है। इससे पशु पालकों के चेहरों पर फिर से रौनक लौटने लगी है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने 25 मार्च को लॉकडाउन घोषित किया था। इसके चलते तमाम फैक्ट्रियां व कारखाने बंद हो गए। हालांकि दूध की आपूर्ति बराबर की जा रही थी लेकिन, दहशत के मारे लोग घरों से निकलकर दूध बेचने नहीं जा रहे थे। नतीजतन दूध 20 से 25 रुपए लीटर तक बिक रहा था। यहां बता दें कि जनपद में आठ लाख से ज्यादा पशु पंजीकृत हैं। इनमें से करीब साढ़े चार लाख पशु दुधारू हैं। अब सरकार ने लॉकडाउन में ढील दी है। इससे पशु पालकों को अच्छा दाम मिलने की उम्मीद जगी है।
एक जून से शहर में मिठाई व अन्य डेयरियां संचालित होंगी। इससे दूध के दाम भी सुधर जाएंगे। पशु पालक दिनेश कुमार ने बताया इस समय चारा पर्याप्त मात्रा में मौजूद है लेकिन, दूध के दाम अब तक घटे हुए चल रहे थे। अब उसमें बढ़ोत्तरी की उम्मीद है। लॉकडाउन की वजह से एक माह तक सुबह की शिफ्ट में ही दूध लिया जा रहा था। अब सुबह और शाम दोनों समय का दूध जनपद की 120 दुग्ध सहकारी समितियों से प्लांट में आ रहा है। इस समय पराग दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ 33 रुपए लीटर पशु पालकों से दूध खरीद रहा है।
आरके सिंह, मैनेजर, पराग फैक्ट्री दलपतपुर।