अभियान से जुड़े वकीलों ने चलाया फावड़ा
अमरोहा जागरण के सोत-बान संरक्षण अभियान जनआंदोलन बनता जा रहा है।
अमरोहा : जागरण का सोत-बान संरक्षण अभियान जन आंदोलन बनता जा रहा है। इस अभियान से जुड़े वकीलों ने रविवार को बान नदी पर पहुंचकर फावड़ा चलाया। इस दौरान उन्होंने जागरण की मुहिम को अतुलनीय बताते हुए कहा कि नदियों के संरक्षण में यह मील का पत्थर साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि बीते 22 अप्रैल से दैनिक जागरण सोत बान संरक्षण अभियान चला रहा है। इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्र दोनों नदियों की सफाई का काम शुरू करा दिया है। वहीं रविवार को अमरोहा व नौगावां सादात के वकील भी जागरण की मुहिम से जुड़ गए। बड़ी संख्या में गांव सिकरिया के पास से गुजरी बान नदी पर वकील पहुंच गए। उन्होंने यहां न सिर्फ लोगों को नदियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया बल्कि खुद ही फावड़ा चलाकर श्रमदान किया। इस मौके पर वकीलों ने कहा कि जागरण की यह मुहिम जल संरक्षण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए मील का पत्थर साबित होगी। कहा कि इस मुहिम में सभी वकील साथ खड़े हैं। अगर इसी तरह काम चलता रहा तो सूखकर विलुप्त हो चुकी बान व सोत नदी फिर से बहती नजर आएंगी। इस मौके पर खोदाई कार्य करा रहे डीसी मनरेगा एके उपाध्याय ने बान संरक्षण को लेकर प्रशासन द्वारा कराए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बड़ी संख्या में पहुंचे वकीलों को नदी में फावड़ा चलाते देख श्रमिकों व अन्य ग्रामीणों ने भी उनकी सराहना की। इस मौके पर जुटे अधिवक्ताओं में प्रमुख रूप से पं. मनु शर्मा (एडवोकेट) राहुल माहेश्वरी, खुसरो नदीम, वीर सिंह सैनी, कावेंद्र सिंह, रिशु दीक्षित, सुलक्ष्य गोले, अखिलेश शर्मा, नागेन्द्र प्रताप सिंह, संजीव कुमार कौशिक, सथिल यादव, महिपाल सिंह, कपिल यादव, अरविद जोशी, रवि शर्मा, इफ्तिखार हुसैन, विनोद खाण्डेवाल आदि शामिल रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप