मंत्री-सांसद टकराव में मुड़ा हेलीकॉप्टर का रुख
अमरोहा : कैबिनेट मंत्री से सांसद के टकराव के बाद आखिर मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर का रुख बदल गया। संगठ
अमरोहा : कैबिनेट मंत्री से सांसद के टकराव के बाद आखिर मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर का रुख बदल गया। संगठन ने दो दिन पहले योगी का हेलीकॉप्टर सांसद के फार्म हाउस में उतरने का एलान किया था मगर कार्यक्रम के एक दिन पूर्व इस फैसले को बदल दिया गया। अब उनका हेलीकाप्टर जुबिलेंट में ही उतरेगा। हालांकि कैबिनेट मंत्री ने इस बदलाव की वजह सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को बताया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन पर सांसद कंवर ¨सह तंवर के विलंब से पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने फीता काट दिया था। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सांसद को यह बात नागवार गुजरी थी। वह चंद मिनटों में ही वहां से वापस लौट गए थे। सार्वजनिक मंच पर एक ही पार्टी के दो दिग्गजों के टकराव की बात आम होने के बाद अंदरखाने दोनों गुटों में तनातनी भी बढ़ गई है। वहीं शनिवार को गजरौला में प्रस्तावित भाजपा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिरकत करने आ रहे हैं।
पार्टी संगठन ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा को निर्धारित करने के बाद मीडिया समेत पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को बताया था कि अमित शाह का हेलीकॉप्टर जुबिलेंट फैक्ट्री व मुख्यमंत्री योगी का हेलीकॉप्टर सांसद कंवर सिंह तंवर के फार्म हाउस पर उतरेगा। इसी क्रम में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने तैयारी भी की थी मगर शुक्रवार को शासन से जारी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उनके हेलीकॉप्टर को भी जुबिलेंट फैक्ट्री में उतरने की बात लिखी गई है। यह कार्यक्रम मिलते ही संगठन में खलबली मच गई। लोग इसे सांसद व कैबिनेट मंत्री के बीच हुए टकराव से जोड़कर तरह-तरह की चर्चा करने लगे।
एक विधायक ने तो यहां तक कह दिया कि इस तरह नीचा दिखाकर कोई ऊंचा नहीं हो सकता। हालांकि इस बारे में सांसद व कैबिनेट मंत्री ने तनातनी जैसी बातों को सिर्फ अफवाह बताया मगर संगठन के लोगों के बीच हेलीकॉप्टर का रुख बदले जाने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। बोले माननीय
मैं इतनी छोटी सोच का आदमी नहीं हूं कि किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए कुछ ऐसा करूं। हकीकत यह है कि मुख्यमंत्री फार्म हाउस से पांच किमी दूर मौजूद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा नहीं डालना चाहते थे। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर एक ही जगह उतरने से सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर रहेगी। इसीलिए यह बदलाव किया गया है।
चेतन चौहान, कैबिनेट मंत्री। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मेरे फार्म हाउस पर जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का हेलीकॉप्टर जुबिलेंट फैक्ट्री में उतरने का कार्यक्रम निर्धारित था। मुझे जानकारी मिली है कि कार से लम्बा सफर होने के कारण अब मुख्यमंत्री जी का हेलीकॉप्टर भी जुबिलेंट फैक्ट्री में ही उतरेगा।
चौ. कंवर ¨सह तंवर, सांसद।