अमावस्या पर स्नान को पहुंचे श्रद्धालु, पुलिस ने लौटाया
गजरौला अमावस्या के स्नान के लिए शुक्रवार की सुबह में श्रद्धालु ब्रजघाट व तिगरी में गंगा तट पर जा पहुंचे।
गजरौला : अमावस्या के स्नान के लिए शुक्रवार की सुबह श्रद्धालु ब्रजघाट व तिगरी में गंगा तट पर पहुंच गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने गंगा तट से श्रद्धालुओं को यह कहते हुए लौटा दिया कि अभी लॉकडाउन लागू है। स्नान के लिए कोई छूट नहीं दी गई है। इसके बाद सभी श्रद्धालु लौट गए। हालांकि पुलिस पहुंचने से पहले कुछ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने की भी चर्चा रही।
तिगरीधाम के पुरोहित पंडित गंगा सरन शर्मा ने बताया अमावस्या के स्नान को श्रद्धालु तिगरी पहुंचे थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण पुलिस ने पहुंचकर सभी को लौटा दिया। प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह ने बताया अभी इस तरह की धार्मिक गतिविधियों को लेकर कोई निर्देश नहीं मिले हैं। इसलिए सभी श्रद्धालुओं को वापस कर दिया गया। इधर कुमराला पुलिस व ब्रजघाट से भी श्रद्धालुओं को वापस लौटाया गया।
बता दें कोरोना वायरस को लेकर लागू लॉक डाउन के चलते गंगा तट पर भीड़ जमा होने व स्नान करने पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है। चूंकि अब जरूरी सामान की दुकानों के खुलने का समय बढ़ा देने व वाहनों की आवाजाही बढ़ने से लोगों की माहौल सामान्य नजर आने लगा है। इसी कारण शुक्रवार को अमावस्या के स्नान को श्रद्धालु तिगरी में गंगा घाट पर भी पहुंच गए लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरंग लौटा दिया।