फोरेंसिक लैब में होगी डिवाइस की जांच
अमरोहा किसान के घर गुब्बारे के साथ गिरी इलेक्ट्रिक डिवाइज का पता लगाने के लिए उसे फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
अमरोहा: किसान के घर गुब्बारे के साथ गिरी इलेक्ट्रिक डिवाइस का पता लगाने के लिए उसे फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा ताकि पता लगाया जा सके कि उसे किसने व किस उद्देश्य से छोड़ा था। दूसरे दिन भी गुब्बारा व डिवाइस पुलिस के पास थे।
शुक्रवार को नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव मधुवा मिलक में रहने वाले किसान कुंवरपाल सिंह के घर सफेद रंग का गुब्बारा आकर गिरा। उसमें एक इलेक्ट्रिक डिवाइस भी थी। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने डिवाइस व गुब्बारा कब्जे में ले लिया। प्राथमिक जांच में इसे मौसम विभाग द्वारा छोड़ी गई डिवाइस माना जा रहा था। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस ने दोनों चीजों को सील कर दिया। अब डिवाइस का पता लगाने के लिए उसकी जांच फोरेसिक लैब में कराई जाएगी ताकि उसकी हकीकत का पता लगाया जा सके। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर फोरेसिक लैब में इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं गांव के लोग दूसरे दिन भी गुब्बारा व डिवाइस के बारे में चर्चा करते रहे।