जनपद में पटरी पर लौटेगा कॉटनवेस्ट का कारोबार
जनपद में फिर से पटरी पर कॉटनवेस्ट का कारोबार लौटेगा। प्रशासन ने कारखानों को संचालित करने की अनुमति प्रदान कर दी है।
प्रशासन ने कारखानों को शुरू करने की अनुमति दी, सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगे कारखाने
जागरण संवाददाता,
अमरोहा : जनपद में फिर से पटरी पर कॉटनवेस्ट का कारोबार लौटेगा। प्रशासन ने इनको संचालित करने की अनुमति दे दी है। सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक कारखाने खुलेंगे लेकिन, रुई व कतरन लदे वाहन शहर की सड़कों पर फर्राटा नहीं भरेंगे।
लॉकडाउन की वजह से जनपद भर में पंजीकृत 300 कॉटनवेस्ट कारखाने बंद हो गए। इससे 20 हजार से ज्यादा मजदूर बेरोजगार हो गए थे। अब सरकार के आदेश पर प्रशासन धीरे-धीरे उद्योगों का संचालन शुरू कर रहा है। ढोलक कारखानों के बाद अब उसने कॉटनवेस्ट कारखानों को चालू करने की इजाजत दे दी है। एसडीएम सदर के मुताबिक कॉटनवेस्ट कारखाने सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक खोले जा सकते हैं लेकिन, लॉकडाउन की शर्तों का उनको अवश्य ही पालन करना होगा।
कहा 50 फीसद से ज्यादा मजदूरों को अभी काम पर नहीं बुलाया जाएगा। यदि कोई श्रमिक हॉटस्पॉट क्षेत्र में रहता है तो उसे भी नहीं बुलाया जाएगा। हर मजदूर मास्क पहनेगा और शारीरिक दूरी बनाएगा। उनसे ऐसा कराने की जिम्मेदारी कारोबारी की होगी। काटनवेस्ट कारखानों में आने जाने वाले रुई व कतरन लदे वाहन शाम पांच बजे के बाद और सुबह आठ बजे से पहले ही संचालित हो सकेंगे। जब तक बाजार खुलेगा तब तक वाहनों को शहर की सड़कों से नहीं गुजरने दिया जाएगा।
विवेक कुमार यादव, उपजिलाधिकारी सदर।