अखंड रामायण पाठ के बाद भंडारा
नगर के सीता राम मंदिर में राधा अष्टमी के अवसर पर अखंड रामायण के पाठ का आयोजन किया गया। भजन कीर्तन व भंडारा के साथ रामायण पाठ संपन्न हुआ।
अमरोहा: नगर के सीता राम मंदिर में राधा अष्टमी के अवसर पर अखंड रामायण के पाठ का आयोजन किया गया। भजन कीर्तन व भंडारा के साथ रामायण पाठ संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में नगर के धर्म प्रेमी लोगों ने पहुंच कर पुण्य लाभ कमाया। इस दौरान विश्व शांति व देश की प्रगति की कामना की गई।
मुहल्ला बाजार कोट स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में प्रतिवर्ष भाद्र मास के शुक्ल पक्ष की राधाष्टमी तिथि को अखंड रामायण का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी राधाष्टमी के उपलक्ष्य में मंगलवार को अखंड रामायण पाठ वैदिक मंत्रोच्चार व विधि विधान से प्रारंभ किया गया था। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित उमेश चन्द्र शास्त्री साहित्याचार्य ने अपने मुख्य यजमान करुणेश गोयल व चंद्र प्रकाश गोयल के द्वारा पूजा अर्चना कराकर अखंड रामायण का पाठ प्रारंभ किया। जोकि 24 घंटे संपूर्ण रामायण का पाठ होने के उपरांत बुधवार को देर शाम भगवान श्री राम के भजन कीर्तन करते हुए समापन किया गया।
इसके उपरांत मंदिर परिसर में ही भंडारा आयोजित किया गया। इसमें नगर के विभिन्न क्षेत्रों से भक्तों ने पहुंचकर पुण्य लाभ कमाया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित उमेश चंद्र शास्त्री व शरद कुमार शर्मा ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया। करुणेश गोयल, चंद्र प्रकाश गोयल, पंडित मनु शर्मा, पंडित कपिल शर्मा, मनुज प्रकाश गोयल, कमल अग्रवाल, अचल अग्रवाल, आदित्य शर्मा, मनोज अग्रवाल, डॉ. आशुतोष गोयल, डॉ. अंकित गोयल ने विशेष सहयोग किया।