Move to Jagran APP

भाजपा ने सिद्ध किया कानून का राज कैसा होता है : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अमरोहा पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने 35 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके बाद नुमाइश मैदान में बने मंच को संभाला।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Thu, 26 Apr 2018 05:36 PM (IST)Updated: Thu, 26 Apr 2018 07:42 PM (IST)
भाजपा ने सिद्ध किया कानून का राज कैसा होता है : योगी आदित्यनाथ
भाजपा ने सिद्ध किया कानून का राज कैसा होता है : योगी आदित्यनाथ

अमरोहा (जेएनएन)। कुशनीगर हादसे के कारण अमरोहा में काफी विलबं से पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अमरोहा की जनता ने जोरदार स्वागत किया। ग्राम स्वराज योजना के तहत अमरोहा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अमरोहा पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने 35 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके बाद नुमाइश मैदान में बने मंच को संभाला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को पीछे की ओर ढकेल चुकीं सरकारों को हमने आईना दिखा दिया है। प्रदेश की बेहद खराब पड़ी कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम हमारी सरकार ने किया। भाजपा ने सिद्ध किया कानून का राज कैसा होता है।बेटियों की सुरक्षा के साथ किसी को खिलवाड़ करने की छूट नहीं देंगे। जो भी बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करेगा कानून बड़ी सख्ती के साथ उससे निपटने का कार्य करेगा।सख्ती के साथ ऐसे तत्वों से निपटने की कार्रवाई के लिए ही हमारी सरकार ने आते ही एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम प्रदेश के पिछड़े गांव को विकास से जोड़ेंगे। इसी क्रम में हमने ग्राम स्वराज योजना शुरू की है। देश की जनता ने 2014 में परिवर्तन किया और नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपी। इसके बाद से तो देश प्रगति की नई राह पर है। अब देश विकास कर रहा है। किसानों का कर्ज माफ हुआ। इसी क्रम में अमरोहा के 48,000 किसानों का कर्ज माफ किया गया। हमारी सरकार ने इस वर्ष किसानों से 16 लाख मीट्रिक टन गेहूं का क्रय सीधे किसानों से किया है। 1745 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से किसान को दे रहे हैं। 30 जून तक किसानों से प्रदेश के अंदर 5500 क्रय केंद्रों पर खरीद की जाएगी।

पिछले एक वर्ष के अंदर हमारी सरकार ने गरीबों, दलितों और वंचितों के लिए 11 लाख से अधिक आवास ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध कराएं है। 36 लाख से अधिक शौचालय उपलब्ध करवाए हैं। 40 लाख से अधिक लोगों को बिजली कनेक्शन देने का कार्य किया है। यहां भी उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन के साथ राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह तो अमरोहा वासियो का सौभाग्य है कि यहां पर गंगा माँ है और हस्तिनापुर वन सेंचुरी है। पहले यहां पर लोग सोचते थे गन्ना कैसे होगा। जब तक खेत मे गन्ना है तो हम मिले चलाएंगे। उन्होंने कहा कि एक बार विधानसभा सभा चुनाव के दौरान हसनपुर में आया था। मेरी बात को मानकर आप लोगों ने महेन्द्र को जिताया। हसनपुर में आपका आभार जताने आया हूं। उन्होंने कहा कि युवा, किसान, महिला सभी के लिए काम करेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा। अगर किसी ने भ्रष्टाचार या भेदभाव करने की कोशिश की तो उसे जेल भेजेंगे और उसकी संपत्ति भी जब्त करेंगे। 1 लाख 37 शिक्षकों की नियुक्ति होने जा रही है। माध्यमिक शिक्षकों के 30 हजार पद भरे जाने हैं और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से भी 60 हजार पद भरे जाएंगे। नौजवानों के पास रोजगार नहीं था। वे हताश और निराश थे। सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के लिए सारी अड़चनों को दूर कर भर्ती प्रक्रियाओं को आरंभ कर दिया है। पुलिस में 1 लाख 62 हजार पदों को भरा जाएगा। वर्तमान में 42 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। सरकार का काम समस्या का समाधान करना है। इस भावना को समझें। हम समस्या का समाधान करने के लिए आए हैं। कैसे जनता की परेशानियां कम हों, सरकार दिन रात इसी दिशा में काम कर रही है।

देश तथा प्रदेश को जाति के नाम पर बांटने वालों की हार हुई है। यहां पर भाजपा सरकार के शासन से पहले अपराध था, लोग पलायन करते थे, महिला असुरक्षित थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। हमने तो सत्ता संभालने के बाद 24 घण्टे के भीतर सभी अवैध बूचडख़ाने बंद कराए। पहले बिजली नही आती थी, 4 जिलों में ही मिलती थी। अब तो हर जगह मिलती है। सूबे में हमने 11 लाख आवास दिए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों के साथ भेदभाव करने वाले कि जगह जेल होगी। पहले प्रदेश के युवा नौकरी के लिए सड़कों पर दौड़ते थे। अब भर्ती होने के लिए दौड़ रहे हैं। प्रदेश में खिलाडिय़ों को सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि अमरोहा में पहले की सरकार के कार्यकाल के दौरान जो उद्योग बंद हुए थे वह फिर से शुरु कराए जाएंगे। अब तो किसानों को गेंहू का मूल्य 1745 रुपए कुंतल मिलेगा। इसके साथ ही अगले साल हसनपुर चीनी मिल का विस्तारीकरण कराया जाएगा।

किसानों के हित में काम कर रही है प्रदेश सरकार : चेतन चौहान

हसनपुर के नुमाइश मैदान पर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। जनसभा में उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहले ही दिन से किसानों के हित में काम किया। गरीब तïथा किसान के हित में सैकड़ों योजनाएं तैयार हैं। किसानों का न सिर्फ कर्ज माफ किया गया बल्कि गन्ना मिलों में फंसा करोड़ों रुपया का भुगतान भी कराया गया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को अपराधमुक्त किया गया है। अब यहां के बदमाश या तो जेल में है या अपस्पतल में भर्ती हैं। अधिकांश ने तो शराफत का चोला ओढ़ लिया है। अब प्रदेश में 24 घण्टे बिजली दी जा रही है। बिजलीघरों की क्षमता बड़ाई गई है ताकि किसान व व्यापारी वर्ग के साथ आम जनता को भी बिजली मिले। चेतन चौहान के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 35 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण किया।

इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ का हसनपुर नुमाइश ग्राउंड में जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने भीड़ का अभिनदंन किया। उन्होंने वहां पर हाथ हिलाकर और हाथ जोड़ कर अभिनदंन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंच पर दीप प्रज्वलित किया। मंच पर मौजूद मंत्री व विधायकों ने वहां पर मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने गदा उठा कर अभिनदंन किया। विधायक महेंद्र खडग़वंशी ने संबोधन शुरू किया। आज मुख्यमंत्री रात्रि प्रवास और जिले के भ्रमण कार्यक्रम के तहत यहां पर आए हैं। मुख्यमंत्री मुरादाबाद की मूंढापांडे हवाई पट्टी से हेलीकॉप्टर से अमरोहा के हसनपुर पहुंचे।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.