नौगावां के मतदाताओं की नब्ज टटोलेंगे मुख्यमंत्री
अमरोहा : उपचुनाव को भाजपा बेहद गंभीरता से ले रही है। इसकी बानगी नौगावां सादात विधानसभा सीट पर होने व
अमरोहा : उपचुनाव को भाजपा बेहद गंभीरता से ले रही है। इसकी बानगी नौगावां सादात विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव है। उपमुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अमरोहा पहुंच रहे हैं। यहां नौगावां विस क्षेत्र के गांव रझौहा में 22 अक्तूबर को जनसभा को संबोधित करेंगे।
16 अगस्त को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का निधन होने के बाद नौगावां सादात विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी। अब पार्टी ने उपचुनाव में उनकी पत्नी संगीता चौहान का प्रत्याशी बनाया है। उपचुनाव घोषित होते ही सूबे की सरकार नौगावां सादात सीट को लेकर सक्रिय हो गई। हालांकि प्रदेश में सात सीटों पर उपचुनाव हो रहा है, लेकिन सरकार की नजरें इस वीआइपी सीट पर टिकी हैं। खुद मुख्यमंत्री यहां की मॉनीटरिग कर रहे हैं। शायद यही वजह है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई बड़े नेता पहुंच चुके हैं। 24 सितंबर को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य नौगावां विस क्षेत्र के गांव पपसरा पहुंचे थे तथा स्व. चेतन चौहान के नाम से कई घोषणाएं की थीं।
27 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल मीटिग कर नौगावां सीट पर उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा की थी। 11 अक्तूबर को क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल जिले में रहे तो 14 अक्तूबर को प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उपचुनाव का बिगुल फूंका। यह बड़े नेता ही नहीं बल्कि कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी व चौधरी भूपेंद्र सिंह भी जिले में पहुंच कर उपचुनाव को धार दे चुके हैं। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 अक्तूबर को अमरोहा पहुंच रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ब्रजेश चौधरी ने बताया कि 22 अक्तूबर को मुख्यमंत्री नौगावां सादात विस क्षेत्र के गांव रझौहा में जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि अभी सरकारी कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है परंतु पार्टी हाईकमान से कार्यक्रम तय हो गया है।