एसडीएम की नाराजगी पर बाजार बंद कराने दौड़े व्यापारी नेता
मंडी धनौरा साप्ताहिक बंदी के आदेश की अवहेलना पर उपजिलाधिकारी का पारा चढ़ गया।
मंडी धनौरा : साप्ताहिक बंदी के आदेश की अवहेलना पर उपजिलाधिकारी का पारा चढ़ गया। उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से वार्ता कर दुकान खोलने वाले लोगों पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस पर हरकत में आए व्यापारी नेताओं ने आनन-फानन में बाजार बंद करा दिया।
जिलाधिकारी के आदेश पर शहर में सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक दाएं व बाएं क्रम में बाजार खोला व बंद किया जा रहा है। तीन दिन बाएं क्रम की दुकानें खुलती है तो तीन दिन दाएं क्रम की। बुधवार को साप्ताहिक बंदी रखे जाने का दिन तय है। बुधवार को साप्ताहिक बंदी के दिन कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर खोल लिए। नियम कानून का मखौल बना तो यह बात उपजिलाधिकारी के कानों तक पहुंच गई। इस पर पारा चढ़ते ही उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया। चेतावनी दी कि यदि साप्ताहिक बंदी की अनदेखी हुई तो चालान काट कर कार्रवाई की जाएगी।
इस पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी हरकत में आ गए। बाजार में दौड़ लगा कर नियम विरुद्ध तरीके से खुल रही दुकानों को बंद कराया। हालांकि इसके बावजूद कुछ दुकानदारों ने चोरी-छिपे शटर उठाकर नियम कानून का मखौल उड़ाया।