जोया नगर पंचायत अध्यक्ष का पति गिरफ्तार
अमरोहा नगर पंचायत जोया की ईओ को धमकाने के मामले में अध्यक्ष नाजमा के पति जाहिद हुसैन को गिरफतार कर लिया गया है।
अमरोहा : नगर पंचायत जोया की ईओ को धमकाने के मामले में अध्यक्ष नाजमा के पति जाहिद हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चंद घंटे बाद ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जोया नगर पंचायत की ईओ दीपिका शुक्ला ने अध्यक्ष नाजमा के पति जाहिद हुसैन के खिलाफ सोमवार को धमकाने, सरकारी कार्य मे बाधा डालने व बिलों पर जबरन हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इससे पहले यह प्रकरण शुक्रवार का शासन स्तर तक पहुंच गया, जब डीएम उमेश मिश्र के पास पहुंची ईओ अपनी व्यथा सुनाते हुए कार्यालय में बेहोश हो गई थीं। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर उन्होंने धमकाने और अन्य बातों की जानकारी दी।
दरअसल वह नगर पंचायत अध्यक्ष के पति जाहिद हुसैन की शिकायत करने आई थीं। इस प्रकरण के बाद उन्हें डीएम ने सुरक्षा भी दिलाई थी। सोमवार की देर शाम इस मामले में ईओ की शिकायत पर डिडौली कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ। इसके चंद घंटे बाद डिडौली पुलिस ने आरोपित जाहिद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने जाहिद हुसैन की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।