11 साल से फरार दुष्कर्म-हत्या का आरोपी तांत्रिक मुठभेड़ में गिरफ्तार, अमरोहा पुलिस ने पैर में मारी गोली
अमरोहा पुलिस ने 11 साल से फरार दुष्कर्म, हत्या और धोखाधड़ी के आरोपी तांत्रिक अरमान उर्फ काले खां को मुठभेड़ ...और पढ़ें

11 साल से फरार दुष्कर्म-हत्या का आरोपी तांत्रिक मुठभेड़ में गिरफ्तार।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अमरोहा। थाना सैदनगली पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के मुकदमे में 11 साल से फरार दुष्कर्म के आरोपित तांत्रिक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
उसकी दाहिनी टांग में गोली लगी है। आरोपित पर मुरादाबाद मंडल के विभिन्न थानों में नौ मुकदमे हैं। न्यायालय से उसके गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुके हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की है।
बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे थाना पुलिस को दुष्कर्म के आरोपित अरमान उर्फ काले खां निवासी पैतिया माफी थाना असमोली जिला संभल के बारे में सूचना मिली कि वह सकतपुर रोड से आ रहा है। जिस पर पुलिस सकतपुर नहर पुल के पास पहुंच गई। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को आते देखकर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन बाइक रोकने के बजाय सवार उसको भागने लगा।
पुलिस ने पीछा किया तो बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने आत्म समर्पण करने को कहा तो आरोपित ने तमंचे से कई राउंड फायरिंग की। जिसमें एक सिपाही गोली लगने से बाल-बाल बच गया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। एक गोली उसकी दाहिनी टांग में लगी और वह घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस घायल को अस्पताल ले गई। एसपी लखन सिंह यादव के मुताबिक उपचार के बाद आरोपित से पूछताछ में पता चला कि वह अमरोहा नगर कोतवाली में वर्ष 2015 में दर्ज हुए हत्या और हत्या के प्रयास के मुकदमे में 11 वर्ष से फरार चल रहा था। इतने समय में वह कभी न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ, उसके गिरफ्तारी वारंट भी हो चुके थे।
इसके अलावा वह सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक महिला को तंत्र क्रिया के माध्यम से जमीन में दबा धन निकालने का लालच देकर 6.70 लाख की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण ठग चुका है। चार दिन पहले उसने पीड़ित महिला की पुत्री के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म भी किया था।
जिसकी जानकारी दुष्कर्म पीड़िता ने मंगलवार को अपनी मां को दी थी। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर ठगी और दुष्कर्म के संबंध में पांच मई को प्राथमिकी दर्ज की थी। अब पुलिस ने मुठभेड़ में भी प्राथमिकी दर्ज ली है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
अरमान पर मुरादाबाद मंडल के छह थानों में दर्ज हैं मुकदमे
हसनपुर : मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए अरमान उर्फ काले खां के खिलाफ अब तक की गई जांच में थाना सैदनगली, असमोली, नौगांवा सादात, अमरोहा नगर, ठाकुरद्वारा और पाकबड़ा में संगीन धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आ चुकी है।
पुलिस के मुताबिक हत्या और हत्या के प्रयास के मुकदमे में 11 वर्ष पहले फरार होने के बाद वह कभी न्यायालय में पेश नहीं हुआ। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बताया कि अन्य थानों से भी उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली में फैक्ट्री में सुरंग बनाकर चोरी करने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
तांत्रिक बनकर महिलाओं से करता था ठगी
हसनपुर : हत्या और हत्या के प्रयास के मुकदमे में 11 वर्ष से फरार चल रहा अरमान उर्फ काले खां गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना वेश बदलकर तांत्रिक बनकर इधर-उधर रहकर महिलाओं से ठगी करता था।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला को भी उसने तंत्र विद्या के माध्यम से घर में ढबा हुआ सोने-चांदी का खजाना निकालकर देने का झांसा देकर पिछले दो महीने में 6.70 लाख की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए थे। इसके साथ ही उसने चार दिन पहले महिला की बेटी के साथ दुष्कर्म भी किया था। पिछले कुछ समय से वह हसनपुर में रह रहा था।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक महिला से ठगी और उसकी बेटी से दुष्कर्म करने के मामले में पांच मई को प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपित अरमान उर्फ काले खां की तलाश कर रही थी। बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद उसको गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता लगा कि वह वर्ष 2015 से हत्या और हत्या के प्रयास के मुकदमे में फरार चल रहा है। आरोपित को गिरफ्तार करने के उत्कृष्ट कार्य पर सैदनगली थाना प्रभारी विकास सहरावत और उनकी टीम को 25 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।
लखन सिंह यादव, एसपी
