किसानों को बड़ी राहत! घर बैठे करवाएं अपनी फसल का बीमा, कॉल करते ही पहुंच जाएगा इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी
कृषि विभाग अमरोहा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए गोष्ठियां और शिविर आयोजित करेगा।

HighLights
कृषि विभाग पंचायतों में लगाएगा फसल बीमा जागरूकता शिविर।
किसान घर बैठे मोबाइल कॉल पर करवा सकेंगे फसल बीमा।
फसल नुकसान पर 72 घंटे में सूचना देकर पाएं मुआवजा।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति अलख जगाई जाएगी। यह काम कोई और नहीं बल्कि कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी करेंगे। एक ओर जहां गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को बीमा करवाने के लिए प्रेरित करेंगे।
दूसरी ओर पंचायतों में शिविर लगाकर बीमा करवाएंगे। इतना ही नहीं घर बैठे भी किसानों का विभाग बीमा करेगा। बस उनको अपने मोबाइल से इंश्योरेंस कंपनी इफ्को टोकियो के कर्मचारियों के मोबाइल नंबर पर काल करने की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही कर्मचारी घर पहुंच जाएंगे और फसलों को बीमित करने का कार्य करेंगे। इसके लिए उनके मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।
यदि किसी किसान की बीमित फसल खराब हो गई है, वह भी कर्मियों के नंबरों पर सूचना दे सकता है। पता चलने पर कर्मचारी फसल का मुआयना करने पहुंच जाएंगे और मुआवजा दिलवाने का कार्य करेंगे।
पिछले तीन सालों में जनपद में यह है योजना का हाल
कृषि विभाग के रिकार्ड में 193982 किसान पंजीकृत हैं। इतनी संख्या में होने के बाद भी किसान अपनी फसलों का बीमा करवाने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2023-24 में खरीफ के सीजन में 2519 किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया था।
फसल में नुकसान होने पर 95 किसानों को 9.49 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। रबी के सीजन में 3252 किसानों ने बीमा कराया था, जबकि, 173 किसानों को फसल में नुकसान पर 6.11 लाख रुपये का मुआवजा मिला था।
वर्ष 2025-25 में खरीफ के सीजन में 4383 किसानों ने फसल बीमा कराया था। इनमें से 26 किसानों को फसल में नुकसान पर 91833 रुपये का मुआवजा दिया गया था।
रबी सीजन में 6568 किसानों ने बीमा कराया था। जिनमें से फसल नुकसान पर 34 किसानों को चार लाख रुपये मुआवजा दिया गया था। इस साल रबी की फसल में नुकसान नहीं हुआ है। जिसके चलते किसी किसान को मुआवजा भी नहीं दिया गया है।
इस तरह करें योजना के लाभ को आवेदन
- यदि कोई किसान अपनी फसल का बीमा करवाना चाहता है तो वह जनपद में बीमा करने वाली इफ्को टोकियो कंपनी के कर्मचारियों से बातचीत कर आवेदन कर सकता है।
- कंपनी के कर्मी हर ब्लाक पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्रों व अमरोहा ब्लाक स्थित जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर मौजूद रहते हैं।
- इसके अतिरिक्त बैंक जाकर भी वह योजना के लाभ को आवेदन कर सकते हैं।
- बीमित फसल में नुकसान पर किसान को 72 घंटे के भीतर कंपनी या विभागीय कर्मचारियों को सूचना देनी होती है।
- इसके बाद कर्मी मौका मुआयना कर नुकसान का आंकलन कर मुआवजे की धनराशि दिलवाने का काम करते हैं।
- हर फसल के लिए अलग अलग प्रीमियम निर्धारित की गई है।
इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचनाएं
- विभाग का टोल फ्री नंबर- 14447
- इफ्को टोकियो कंपनी के जिला प्रभारी रिशु कुमार- 9576384506
- अमरोहा तहसील प्रभारी बंटी सिंह- 6396097610
- रिंकू सैनी, तहसील प्रभारी नौगावां सादात- 7830989535
- टिंकू सिंह, तहसील प्रभारी हसनपुर- 8476091487
- सुरेंद्र प्रताप सिंह, तहसील प्रभारी धनौरा- 077443817
किसानों काे पीएम फसल बीमा के तहत फसलों का बीमा करवाने के लिए गोष्ठियां व शिविर लगाए जाएंगे। बीमा कंपनी के कर्मचारियों के नंबर पर संपर्क कर किसान घर बैठे बीमा कराने का लाभ ले सकते हैं। अगर किसी की किसान की बीमित फसल कीट या रोग लगने तथा प्राकृतिक आपदा से खराब हो गई है तो वह भी कर्मियों को अवगत करा सकता है। ब्लाक स्तर पर बने राजकीय बीज भंडार केंद्र, अमरोहा ब्लाक डीडी या डीएओ कार्यालय आकर भी जानकारी दे सकता है। उस पर तुरंत कार्य होगा। उन्होंने किसानाें से फसलों का बीमा कराने की अपील की है।
-मनोज तोमर, डीएओ
