अमरोहा में रुपयों के लेनदेन की रंजिश में युवक की हत्या, पेट्रोल डालकर जलाया शव
अमरोहा के हसनपुर में रुपयों के लेनदेन की पुरानी रंजिश में एक युवक मुकेश की हत्या कर दी गई। पहचान ...और पढ़ें

हसनपुर में रुपयों के लेनदेन की रंजिश में युवक की हत्या।
HighLights
हसनपुर में रुपयों के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या।
मृतक मुकेश का शव और बाइक आग लगाकर जलाया गया।
पुलिस ने नामजद आरोपी सुखवीर समेत दो पर प्राथमिकी दर्ज की।
संवाद सहयोगी, हसनपुर। ननिहाल जाने के बहाने 35 वर्षीय मुकेश को घर से बुलाकर हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दीपपुर के जंगल में हत्या कर दी। शव की पहचान मिटाने के लिए जला दिया। मृतक की बाइक भी गन्ने के खेत में फूंक दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने घटनास्थल का दौरा कर अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव चक की मढैया सतेडा निवासी किसान सुखराम सिंह का कहना है कि उनके पुत्र मुकेश को शनिवार सुबह करीब 11 बजे गांव निवासी सुखवीर के साथ आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव शीतला सराय अपनी ननिहाल में जाने के बहाने घर से लिवाकर ले गया था।
दोनों की ननिहाल आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव शीतला सराय में अलग-अलग घरों में है। आरोप है कि रुपयों के लेनदेन की पुरानी रंजिश में सुखवीर ने अपने अज्ञात साथी के साथ मिलकर मुकेश की हत्या कर दी और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को आग लगाकर जला दिया। इतना ही नहीं मुकेश की बाइक को भी फूंक दिया।
मृतक नेशनल हाईवे पर अल्लाबख्शपुर में एक होटल पर मजदूरी करता था। करीब तीन माह पहले मुकेश और सुखवीर के बीच विवाद भी हुआ था। दिसंबर माह में मुकेश ने नई बाइक निकाली थी।
बेटे की हत्या से उसके परिवार में चीत्कार मचा है। उसने अपने पीछे पत्नी किरण के अलावा तीन बेटे छोड़े हैं। पुलिस ने मृतक के पिता सुखराम सिंह की तहरीर पर आरोपित सुखवीर पुत्र लीलाधर तथा एक अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव और बाइक जलाकर पहचान मिटाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोपित अभी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने घटनास्थल का दौरा कर हत्या का राजफाश करने के लिए कोतवाली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और मोबाइल सर्विलांस की दो टीमें गठित की हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
