अमरोहा में खौफनाक वारदात: मोबाइल पर बात करने के शक में पति ने फावड़े से पत्नी को उतारा मौत के घाट
अमरोहा में एक पति ने मोबाइल पर बात करने के शक में अपनी पत्नी रूबी की फावड़े से निर्मम हत्या ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
दो दिन पहले पत्नी के विरुद्ध तहरीर देकर हो गया था लापता
घटना को अंजाम देकर गांव में ही टहलता मिला आरोपित
जागरण संवाददाता, अमरोहा। मोबाइल पर किसी से बात करने के शक में रामौतार सिंह ने पत्नी रूबी पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हमले में गर्दन कटने के साथ ही सीने व हाथ पर भी जख्म है। इतना ही नहीं गुस्साए रामौतार ने सिर पर भी फावड़े की मूंज से हमला कर चेहरा कूच दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित घर से निकल कर गांव में ही टहलता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया है। आरोपित ग्राम प्रधान/प्रशासक सत्यप्रकाश सिंह का भाई है।
देहात क्षेत्र के गांव डाईडेरा निवासी रामौतार सिंह के परिवार में पत्नी रूबी व इकलौता बेटा ललित कुमार हैं। क्षेत्र के गांव धना नंगला निवासी रूबी से उसकी शादी 1999 में हुई थी। ग्राम प्रशासक सत्यप्रकाश के भाई रामौतार सिंह पूर्व में अमरोहा नगर के एक निजी स्कूल में शिक्षक था। नौकरी छोड़ने के बाद वह घर पर ही खेतीबा़ड़ी करने लगा।
बेटा ललित इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि काफी दिन से दंपती के बीच मनमुटाव चल रहा था। रूबी मोबाइल पर मायके वालों से बात करती थी तो रामौतार सिंह को शक था कि वह किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है। परंतु रूबी उसे बता देती थी कि वह मायके बात कर रही है।
दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते रामौतार अपनी जमीन बेचने का धमकी भी देता था। गुरुवार को रामौतार ने रूबी के विरुद्ध देहात थाने में भी तहरीर दी थी तथा घर से लापता हो गया था। शनिवार सुबह बेटा ललित कुमार और भतीजा टिंकू उसे तलाश कर घर लेकर आए थे।
दोपहर बाद बेटा ललित कुमार और भतीजा टिंकू परीक्षा देने अलीगढ़ चले गए थे। बताया कि शनिवार दोपहर बाद भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। रात करीब आठ बजे विवाद के बीच ही रूबी घर का काम कर रही थी। आरोप है कि रामौतार ने फावड़े से रूबी पर वार कर दिए। गर्दन कटने के साथ ही हाथ व सीने पर भी फावड़े से वार किए तथा सिर भी कूंच दिया।
पत्नी की मौत होने के बाद फावड़ा छोड़ कर रामौतार घर से निकल गया। परिवार के अन्य लोगों ने देखा तो शोर मचा दिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। फोेरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया है। ग्रामीणों की मदद से आरोपित को गांव में ही टहलते हुए पकड़ लिया गया है। एसपी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
