विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में प्रेमिका ने पीया तेजाब, प्रेमी ने चार साल के प्रेम प्रसंग के बाद शादी से किया था इनकार

Published: Sun, 26 Jul 2026 06:02 PM (IST)

अमरोहा के डिडौली में प्रेम प्रसंग के बाद प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर एक युवती ने तेजाब पी लिया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर युवती ने तेजाब पीया।

  2. चार साल पहले शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग, शारीरिक संबंध बने।

  3. प्रेमी इम्तियाज व परिवार के चार सदस्यों पर प्राथमिकी दर्ज।


जागरण संवाददाता, अमरोहा। चार साल पहले शादी समारोह में हुई मुलाकात प्रेम प्रसंग में बदली तो दिल्ली निवासी प्रेमी इम्तियाज ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए।

स्वजन को जानकारी हुई तो उन्होंने प्रेमी के स्वजन से शादी की बात की, परंतु उन्होंने इनकार कर दिया। इस बीच इम्तियाज ओमान चला गया। वहां से काल कर उसने प्रेमिका से शादी करने से इनकार किया तो प्रेमिका ने घर में रखा तेजाब पी लिया। इस मामले में चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

यह है पूरा मामला

मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले एक मजदूर की बेटी की मुलाकात चार साल पहले एक वैवाहिक कार्यक्रम में दिल्ली के उत्तमनगर निवासी इम्तियाज से हुई थी। दोनों मोबाइल पर बात करने लगे तथा प्रेम प्रसंग शुरु हो गया।

आरोप है कि इम्तियाज ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। लगभग एक माह पूर्व युवती ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। युवती के स्वजन ने इम्तियाज के पिता, बहन और बहनोई से मिले और उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा।

आरोप है कि उन्होंने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस बीच इम्तियाज नौकरी करने ओमान चला गया।

पांच दिन पहले इम्तियाज ने काल कर युवती से शादी करने से मना कर दिया और अपमानजनक बातें कहीं। इससे आहत होकर युवती ने तीन दिन पूर्व घर में रखा तेजाब पी लिया। जिसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि इस मामले में युवती के पिता की तहरीर पर इम्तियाज, शबिल, शबीना और आसिफ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

दूसरी जगह शादी करने पर तेजाब डालने की धमकी, युवती से छेड़छाड़ का आरोप

मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को दूसरी जगह शादी करने पर चेहरे पर तेजाब डालने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने थाने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बहन का विवाह पहले बछरायूं थाना क्षेत्र के एक युवक से तय हुआ था, लेकिन ग्राम कर्मपुर निवासी जितेंद्र ने होने वाले दूल्हे को जान से मारने की धमकी देकर वह रिश्ता तुड़वा दिया। बाद में परिवार ने युवती का रिश्ता मेरठ जनपद के हस्तिनापुर क्षेत्र में तय कर दिया।

आरोप है कि 23 जून को युवती खेत से चारा लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपित जितेंद ने उसे रास्ते में रोक लिया, मोबाइल फोन छीन लिया व उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपित ने कहा कि यदि उसने कहीं और शादी की तो उसके चेहरे पर तेजाब डाल देगा व जान से मार देगा।

घटना के बाद स्वजन ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिरोहा का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।