विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जल लेकर मंदिर भी तो पहुंचना है...' हादसों से सबक ले अमरोहा पुलिस की नई पहल, हाईवे पर लगे 1000 होर्डिंग

Published: Sat, 08 Aug 2026 04:15 PM (IST)

अमरोहा पुलिस ने महाशिवरात्रि और सावन के दूसरे सोमवार से पहले कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए नई पहल की ...और पढ़ें

अमरोहा में कांवड़ यात्रा रूट पर पुलिस की ओर से लगाये गये होर्डिंग। स्रोत पुलिस

अमरोहा में कांवड़ यात्रा रूट पर पुलिस की ओर से लगाये गये होर्डिंग। स्रोत पुलिस

HighLights

  1. सुरक्षित कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी की नई पहल

जागरण संवाददाता, अमरोहा। मंगलवार को महाशिवरात्रि और उससे पहले सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण कांवड़ यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए अमरोहा पुलिस ने सुरक्षित कांवड़ यात्रा सुनिश्चित कराने के लिए नई पहल की है। जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर करीब एक हजार होर्डिंग लगाकर शिवभक्तों से संयमित गति से वाहन चलाने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई है।

पहले सावन सोमवार को भी पुलिस ने दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू करते हुए जीरो ट्रैफिक व्यवस्था की थी। इसके बावजूद कांवड़ियों के कुछ वाहन आपस में टकरा गए थे। अलग-अलग हादसों में एक कांवड़िये की मौत हो गई थी, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए थे।

इन्हीं घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार पुलिस ने जागरूकता अभियान को प्राथमिकता दी है। ब्रजघाट से गजरौला, रजबपुर, जोया, डिडौली और चौधरपुर होकर गुजरने वाला मार्ग जिले का प्रमुख कांवड़ रूट है।

इसके अलावा बिजनौर से मंडी धनौरा होते हुए गजरौला के रास्ते हसनपुर तथा बिजनौर से नौगावां सादात, अमरोहा और जोया होकर भी बड़ी संख्या में शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं।

सभी मार्गों पर पुलिस की तैनाती के साथ ड्रोन से निगरानी की जा रही है और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसपी लखन सिंह यादव के निर्देश पर जिले के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर बिजली के खंभों और अन्य स्थानों पर अपील वाले होर्डिंग लगाए गए हैं।

इनमें भोले बाबा का नाम लें, नियमों का भी मान रखें, जल लेकर मंदिर पहुंचना है, जल्दबाजी नहीं करनी है, भोले जी मुस्कुराते हुए जाइए और मुस्कुराते हुए घर लौटिए, भोले जी जरा धीरे चलो, भोले जी धीरे-धीरे चलिए, आपका जीवन महत्वपूर्ण है, भोले जी धीरे चलो... जल लेकर मंदिर भी तो पहुंचना है, दुर्घटना से देर भली, सुरक्षित यात्रा ही सच्ची शिवभक्ति है और धीमी रफ्तार, सुरक्षित कांवड़ यात्रा जैसे संदेश लिखे गए हैं।

 

कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अमरोहा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। कांवड़ियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए अपील वाले होर्डिंग लगाए गए हैं। उनसे नियंत्रित गति से वाहन चलाने और नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

- लखन सिंह यादव, एसपी।


यह भी पढ़ें- यूपी के 5 जिलों में खुलेंगे मेगा टेक्सटाइल पार्क, अमरोहा-बरेली समेत इन शहरों में पूरा हुआ सर्वे