अमरोहा में गीदड़ का उत्पात, एक ही गांव के 5 लोगों और 4 मवेशियों को काटकर किया लहूलुहान
अमरोहा में एक गीदड़ ने पांच ग्रामीणों और चार मवेशियों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। ग्रामीणों ने शोर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
अमरोहा में गीदड़ ने पांच ग्रामीणों पर हमला किया।
चार मवेशी भी हमले में घायल हुए, ग्रामीणों ने गीदड़ को मारा।
घायलों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई, गांव में दहशत।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। ‘गीदड़ भभकी’ देना... दशकों से इस मुहावरे का उपयोग ‘कोरी धमकी’ या ‘झूठा डर दिखाने’ के रूप में होता है। पर, अब कहानी ऐसी नहीं रही। अमरोहा में तेंदुओं और कुत्तों के हमले तो आम थे ही अब गीदड़ भी इंसानों पर हमला कर रहे हैं। मंगलवार देर रात गीदड़ ने पांच ग्रामीणों पर हमला कर लहूलुहान कर दिया।
करीब आधे घंटे के अंदर चार मवेशियों को भी जख्मी किया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से घेरकर गीदड़ को मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और उन्होंने जागकर रात गुजारी।
परम सिंह का परिवार मंगलवार रात आंगन में और बेटा प्रदीप छत पर सोया था। रात करीब तीन बजे शौचालय जाने के लिए प्रदीप नीचे आया। इसी दौरान आंगन में मौजूद गीदड़ ने उस पर हमला कर दिया। प्रदीप के शोर मचाने पर परम सिंह की नींद खुल गई। बेटे को बचाने पहुंचे परम सिंह पर भी गीदड़ ने हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर पास में सो रहे डालचंद, चाची गोमती और पड़ोसी धीरू सिंह पर भी हमला कर घायल कर दिया। चार मवेशियों को भी काटा। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और गीदड़ को घेर लिया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटकर उसे मार डाला।
बुधवार सुबह सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक अजीत कुमार ने बताया कि घायलों के जख्मों की सफाई करने के बाद उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन लगा दी गई है। इससे पहले बीते गुरुवार को किसान नरोत्तम और शनिवार शाम सोमपाल पर गीदड़ ने हमला किया था।
