विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा में चल रहा था अवैध भ्रूण लिंग जांच का काला धंधा, हरियाणा की महिलाओं समेत 13 पर FIR

Published: Thu, 28 May 2026 08:32 PM (IST)

अमरोहा के हसनपुर में एक अवैध भ्रूण लिंग जांच केंद्र का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उसके पति ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र

प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उसके पति समेत सात आरोपित अब भी फरार

संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। क्षेत्र के गांव सतैड़ा के मझरा चक की मढ़ैया में पकड़े गए अवैध भ्रूण लिंग जांच केंद्र के मामले में पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उसके पति, हरियाणा की चार महिलाओं समेत 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया है। इसके पीछे तर्क दिया है कि धाराओं में सात साल से कम की सजा है। इसलिए उनको जमानत देते हुए स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया है।

हरियाणा जनपद स्थित झज्जर के पीसीपीएनडीटी (प्री-कनसेप्शन प्री-नैटल डायग्नोस्टिक टेक्निक्स) के प्रभारी डा. संदीप कुमार, रोहतक हरियाणा के प्रभारी डा. विश्वजीत सिंह व डा.रंजीत सिंह ने अमरोहा के अधिकारियों के साथ बुधवार दोपहर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा के घर पर छापा मारा था। यहां एक कमरे में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से दो महिलाओं की जांच की जा रही थी।

डमी समेत दो अन्य महिलाएं अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। टीम को देखते ही गिरोह का सरगना देवेंद्र कुमार मशीन लेकर भागने लगा। लेकिन उसे पकड़ लिया गया। टीम ने तीनों महिलाओं के अलावा जांच करने वाले विपिन और रविंद्र को भी हिरासत में लिया। मौके से 1.33 लाख रुपये की नकदी भी मिली।

अधिकारियों के मुताबिक रविंद्र धंधे का मुख्य दलाल है। वह देवेंद्र के संपर्क में था और महिलाओं को जांच के लिए लेकर आता था। देर रात हसनपुर के चिकित्साधीक्षक डा. धुर्वेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दे दी थी।

रात पुलिस ने मामले में महिला ईशा और उसके पति परवीन निवासी अज्ञात, मोनिका और उसके पति रवि निवासी ग्राम साल्हावास झज्जर, हरियाणा, अमित कुमारी ग्राम फरसाना महक रोहतक, हरियाणा, दलाल रविंद्र सिंह उर्फ पोनी निवासी छारा दयाला ठोला पाना शहर बहादुरगढ़ झज्जर, हरियाणा, विपिन निवासी गांव करनखाल, हसनपुर और मुख्य आरोपित देवेंद्र निवासी गांव करनखाल, हसनपुर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा और उनके पति अमर सिंह निवासी चक की मढ़ैया, प्रकाश निवासी पिनाना सोनीपत, हरियाणा, गौरव निवासी ग्राम साल्हावास, झज्जर हरियाणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।

जिन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई हैं, उनमें सात साल से कम की सजा है। इसलिए रात में ही सभी छह आरोपितों को थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया। स्वजन उनको साथ ले गए

 

भ्रूण लिंग परीक्षण के मामले में चिकित्साधीक्षक की तहरीर पर 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। अब पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। आरोपितों पर जो धाराएं लगाई गई हैं उनमें सात साल से कम की सजा थी। इसलिए उनको थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया।

- पंकज कुमार त्यागी, सीओ, हसनपुर।


यह भी पढ़ें- अमरोहा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में की जा रही थी भ्रूण लिंग जांच, दबोचे गए गिरोह के छह सदस्य