103 लाइब्रेरी में फर्नीचर और पुस्तकें हैं या नहीं, अमरोहा में जांच करेंगे 19 अधिकारी
अमरोहा में 103 डिजिटल लाइब्रेरियों में फर्नीचर, पुस्तकों और अन्य व्यवस्थाओं की गुणवत्ता की जांच के लिए जिलाधिकारी ने 19 जनपद स्तरीय अधिकारियों को नियुक्त किया है।

गुणवत्ता को भी परखने की सौंपी जिम्मेदारी।
HighLights
अमरोहा की 103 डिजिटल लाइब्रेरियों की जांच शुरू।
जिलाधिकारी ने 19 अधिकारियों को जांच का जिम्मा सौंपा।
फर्नीचर, पुस्तकें, वाईफाई जैसी व्यवस्थाओं का होगा निरीक्षण।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। जिले में 103 लाइब्रेरी में फर्नीचर व पुस्तकें हैं या नहीं। उनकी गुणवत्ता कैसी है। अन्य व्यवस्थाएं कैसी हैं। इसकी जांच के लिए 19 जनपद स्तरीय अधिकारियों को नामित किया गया है।
लाइब्रेरी में खराब व्यवस्थाओं की शिकायत पर डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारियों द्वारा जांच का कार्य शुरू कर दिया गया है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में अगली कार्रवाई होगी।
ग्रामीण युवा दूसरे शहरों की बजाय अपने गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें। इस उद्देश्य के साथ सरकार ने पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया है।
हर पंचायत में लाइब्रेरी बनाई गई हैं। लेकिन, 103 पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई गई हैं। इनमें पढ़ने वाले युवाओं को वाईफाई, कंप्यूटर से आनलाइन पढ़कर परीक्षा की तैयारी करने तक की व्यवस्था की गई है। इनमें बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर, ऑनलाइन पढ़ने के लिए कंप्यूटर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों से संबंधित पुस्तकों व मुफ्त वाईफाई तक की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त ज्ञानवर्धक बाल पेंटिंग भी लाइब्रेरी के अंदर की गई है। परन्तु, कुछ में अव्यवस्था होने की शिकायत डीएम से की गई थी। जिस पर उन्होंने जांच के लिए जनपदीय अधिकारियों को लगाया है।
डीपीआरओ नितिन कुमार ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी में व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। इसके लिए 19 अधिकारी लगाए गए हैं। यह अधिकारी लाइब्रेरी में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक सामग्री, बैठने, पेयजल व प्रकाश आदि की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद जांच रिपोर्ट विभाग को सौपेंगे।
ये 19 अधिकारी करेंगे जांच
ॉजिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी अपर सांख्यिकी अधिकारी बचत, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, एआर कोआपरेटिव, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी।
