महंगाई के विरोध में कलक्ट्रेट पर गरजे आप कार्यकर्ता
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, अमरोहा: आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। इसके बाद डिप्टी कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
शनिवार की दोपहर करीब एक बजे प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद हैदर व जिलाध्यक्ष मोहम्मद आमिर के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि खाद्य सामानों पर महंगाई बढ़ती जा रही है। जिसकी वजह से जनता बेहाल है। किसानों को फसलों का दाम नहीं मिल रहे हैं। औने-पौने दामों में किसान अपनी फसल बेच रहा है। पेट्रोल व डीजल के भाव आसमान छू रहे हैं। कृषि कानून बनाकर सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। एक रणनीति के तहत उसको लागू किया है। जिससे किसानों की स्थिति और खराब होगी। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कलेक्टर मांगेराम चौहान को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शाहिद हुसैन, एजाज अनवर, अफजाल हैदर, तनवीर, साजिद हुसैन, विकास चौधरी, शमीम, गौरव शर्मा, सोनल वर्मा आदि शामिल थे।