मछली पकड़ने के बहाने ले जाकर युवक की हत्या
पूर्व प्रधान के भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस छानबीन में जुटी गई है।
अमेठी : शिवरतनगंज थानाक्षेत्र के जिजौली में मछली पकड़ने के बहाने ले जाकर युवक की हत्या कर दी गयी। मृतक के पिता की तहरीर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है। गांव निवासी धर्मराज के बेटे राम धीरज (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि शाम करीब पांच बजे गांव निवासी पूर्व प्रधान के भाई रिकू उसके पुत्र को मछली पकड़ने की बात कहकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर साथ ले गए थे। उस वक्त मृतक की पत्नी व दो बहनें ही घर मौजूद थी। पिता का आरोप है कि बेटे की हत्या कर कुछ देर बाद रिकू उसका शव चार पहिया वाहन पर लादकर घर छोड़ गए। मृतक के शरीर पर धूल जमी हुई थी और नाक से खून बह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी आनंद कुमार, निरीक्षक डीके सिंह, चौकी प्रभारी अवनीश सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच छानबीन की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रंजिश का मामला : वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। परिजनों ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले तत्कालीन ग्राम प्रधान ने उनकी पट्टे की जमीन पर तालाब खोदवा दिया था। जिसको लेकर दोनों पक्षों में काफी वाद विवाद हुआ था। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच चली आ रही दुश्मनी करीब दो साल पहले दोस्ती में तब्दील हुई थी। मामले में शिवरतनगंज प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। जांच जारी है।